US Politics: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के दो साल से भी कम समय बाकी है, लेकिन रिपब्लिकन पार्टी में उनके उत्तराधिकारी को लेकर चर्चाएं तेज होने लगी हैं। इस बीच व्हाइट हाउस में कुछ ऐसा हुआ, जिसने 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की सियासी तस्वीर को दिलचस्प बना दिया। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने दो संभावित उत्तराधिकारियों, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो को एक साथ प्रेस ब्रीफिंग में खड़ा कर दिया।
व्हाइट हाउस ब्रीफिंग में ट्रंप के साथ दिखे जेडी वेंस और मार्को रुबियो। AP
करीब 90 मिनट तक चली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों नेता ट्रंप के पीछे खड़े रहे। कभी वेंस मुस्कुराते नजर आए तो कभी रुबियो अपनी टाई ठीक करते और बेचैनी दिखाते दिखे। दोनों के लिए यह सिर्फ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं, बल्कि ट्रंप के सामने अपनी राजनीतिक क्षमता और वफादारी दिखाने का मौका भी माना जा रहा है। दिलचस्प बात यह रही कि इस कथित उत्तराधिकारी की रेस में ट्रंप ने आखिर में अपने चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर का नाम लेकर नया ट्विस्ट भी दे दिया।
ट्रंप ने वेंस और रुबियो को क्यों खड़ा किया साथ?
दरअसल, ट्रंप के राष्ट्रपति पद का मौजूदा कार्यकाल खत्म होने के बाद 2028 में अमेरिका में अगला राष्ट्रपति चुनाव होना है। रिपब्लिकन पार्टी में ट्रंप के बाद राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवारों के तौर पर जेडी वेंस और मार्को रुबियो के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं।
ट्रंप ने शुक्रवार, 20 नवंबर को व्हाइट हाउस के जेम्स ब्रैडी प्रेस ब्रीफिंग रूम में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने दोनों नेताओं को एक-एक करके माइक पर बुलाया। ट्रंप ने उनकी बातों को सुना और फिर पत्रकारों की प्रतिक्रिया भी देखी।
ट्रंप पहले भी सार्वजनिक और निजी बैठकों में लोगों से वेंस और रुबियो के बारे में उनकी राय पूछते रहे हैं। कुछ महीने पहले दोनों नेता इसी ब्रीफिंग रूम में व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी की भूमिका निभाते हुए ट्रंप के एजेंडे का बचाव कर चुके हैं।
वेंस ने ईरान युद्ध पर ट्रंप से बनाई थोड़ी दूरी?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबसे पहले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को बोलने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि जब ट्रंप, रुबियो और अन्य अधिकारी फिलीपींस और चीन में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में शामिल होने गए थे, तब उन्हें अमेरिका में रुककर जिम्मेदारी संभालनी थी।
वेंस ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें व्हाइट हाउस की जिम्मेदारी संभालनी थी, बिल्कुल फिल्म 'होम अलोन' की तरह, बस यहां खाना बेहतर था और सोना ज्यादा। इसके बाद उन्होंने ट्रंप की आर्थिक नीतियों की तारीफ की। हालांकि, ईरान युद्ध को लेकर उनका रुख भी चर्चा में रहा।
मिडटर्म चुनाव नतीजें पर वेंस ने क्या कहा था?
दरअसल, वेंस ने इससे पहले रिपब्लिकन पार्टी की मिडटर्म चुनावों में हार के लिए ईरान युद्ध को जिम्मेदार ठहराया था। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने उनके बयान को सही बताया। हालांकि, वेंस ने यह कहने से परहेज किया कि ईरान युद्ध की राजनीतिक कीमत चुकाना सही फैसला था। उन्होंने कहा कि फैसला लेने का अधिकार राष्ट्रपति के पास है और ट्रंप कह चुके हैं कि मौका मिलने पर वह फिर ऐसा ही करेंगे।
रुबियो ने चीन और रूस के नेताओं से मुलाकात का किया बचाव
वेंस के बाद विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मोर्चा संभाला। उन्होंने ट्रंप के एशिया दौरे का ब्योरा दिया और चीन तथा रूस के नेताओं से मुलाकात करने के राष्ट्रपति के फैसले का बचाव किया। रुबियो ने कहा कि अगर दुनिया के बड़े नेता एक-दूसरे से बातचीत नहीं करेंगे और उनके बीच सकारात्मक संबंध नहीं होंगे, तो देशों और वैश्विक सुरक्षा के लिए अच्छे नतीजे हासिल करना मुश्किल होगा।
पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रुबियो कभी अपनी टाई ठीक करते तो कभी इधर-उधर देखते नजर आए। वहीं, वेंस ज्यादातर समय हाथ बांधकर खड़े रहे और ट्रंप की बातों पर मुस्कुराते रहे। दोनों नेताओं की वेशभूषा भी लगभग एक जैसी थी। दोनों ने नेवी ब्लू सूट, सफेद शर्ट और लाल टाई पहन रखी थी। दोनों करीब डेढ़ घंटे तक ट्रंप के पीछे खड़े रहे।
ट्रंप ने उत्तराधिकारी पर नहीं खोले पत्ते
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार ने ट्रंप से सीधा सवाल पूछ लिया कि वेंस और रुबियो में से कौन बेहतर राष्ट्रपति साबित होगा? ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में जवाब देना शुरू किया, लेकिन किसी एक नेता का नाम लेकर समर्थन नहीं किया। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में उन्होंने एक ऐसा मजाक किया, जिसने पूरी चर्चा को नया मोड़ दे दिया।
ट्रंप ने अपने नए चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर को बुलाया। मिलर ने ट्रंप के नेतृत्व और उनकी उपलब्धियों की जमकर तारीफ की। इसके बाद ट्रंप ने वेंस और रुबियो की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ब्रेकिंग न्यूज है, मिलर इन दोनों से बेहतर थे। इसके बाद उन्होंने मिलर से मजाक में पूछ लिया कि क्या वह राष्ट्रपति चुनाव लड़ना चाहते हैं?
ट्रंप की इस टिप्पणी ने संभावित उत्तराधिकारी की चर्चा में एक तीसरा नाम भी जोड़ दिया। हालांकि, मिलर को अब तक 2028 के संभावित राष्ट्रपति उम्मीदवारों में प्रमुख दावेदार नहीं माना जा रहा था।
वेंस और रुबियो में किसका पलड़ा भारी?
फिलहाल रिपब्लिकन पार्टी में जेडी वेंस और मार्को रुबियो को ट्रंप के सबसे मजबूत संभावित उत्तराधिकारियों में गिना जा रहा है। दोनों नेता सार्वजनिक तौर पर एक-दूसरे को अच्छा दोस्त बताते हैं। रुबियो पहले कह चुके हैं कि अगर वेंस राष्ट्रपति चुनाव लड़ते हैं तो वह खुद मैदान में नहीं उतरेंगे।
लेकिन 2028 की रेस को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो रही हैं। रिपब्लिकन पार्टी के समर्थकों के बीच ट्रंप का प्रभाव अब भी काफी मजबूत है। ऐसे में ट्रंप का समर्थन किसी भी उम्मीदवार के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।
