Russia Ukraine Peace Talk: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर का आभार जताया। दरअसल, कीव और मॉस्को के बीच हाल ही में तीन साल में पहली बार हुई प्रत्यक्ष शांति वार्ता बेनतीजा रही थी जिसके बाद कीव ने रूस पर गंभीर आरोप लगाए। इसी क्रम में ब्रिटेन ने रूस पर नए प्रतिबंध लगाकर शांति वार्ता दबाव बनाने की कोशिश की।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की
जेलेंस्की ने स्टार्मर से की बात
जेलेंस्की ने कहा कि मैंने ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से बात की। मैंने उन्हें नए ब्रिटिश प्रतिबंधों के लिए थैंक्यू कहा, जो रूस पर शांति के लिए दबाव बनाने में मददगार साबित होगा। महज दबाव ही काम आएगा। साथ ही जेलेंस्की ने यूरोपीय संघ द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों का भी जिक्र किया और अमेरिका से मदद की गुहार लगाई।
उन्होंने कहा कि आज हमारे पास ब्रिटेन और यूरोपीय संघ की ओर से लगाए गए प्रतिबंध निर्णय हैं, यह और भी अच्छा होगा अगर अमेरिका भी इसमें मदद करे। जेलेंस्की ने कहा कि हमारे यूरोपीय साझेदार युद्ध रोकने के लिए रूस पर दबाव बनाने के लिए इस अत्यंत महत्वपूर्ण कदम की तैयारी पहले से ही कर रहे हैं।
रूस पर ब्रिटेन ने लगाए नए प्रतिबंध
ब्रिटेन के विदेश कार्यालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा था कि नए प्रतिबंध रूस की सैन्य, ऊर्जा निर्यात और सूचना युद्ध का समर्थन करने वाली संस्थाओं के साथ-साथ यूक्रेन के खिलाफ युद्ध को वित्तपोषित करने वाली वित्तीय संस्थाओं पर भी लागू होंगे।
व्लादिमीर पुतिन (फाइल फोटो)
यूक्रेन के साथ बातचीत को तैयार रूस
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में इस्तांबुल में हुई रूस-यूक्रेन शांति वार्ता को लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की। इस बातचीत के कुछ समय बाद रूस का एक बयान सामने आया था जिसमें मॉस्को ने यूक्रेन साथ आगे की बातचीत के लिए सहमति जताई। रूस ने कहा कि वह यूक्रेन के साथ आगे की बातचीत के लिए तैयार है और संभावित शांति समझौते को लेकर एक ज्ञापन (मेमोरेंडम) पर काम करने का प्रस्ताव देगा।
