Israel Terror Attack: जेरूसलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार दोपहर को इजराइल में एक बस स्टॉप पर एक वाहन ने पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी। इजराइली पुलिस इस घटना की जांच संभावित आतंकी हमले के तौर पर कर रही है। मैगन डेविड एडोम, जो कि इजराइल की राष्ट्रीय आपातकालीन चिकित्सा सेवा है, के अनुसार, यह घटना स्थानीय समयानुसार शाम 4.18 बजे हाईवे 65 पर परदेस हन्ना-करकुर चौराहे (Pardes Hanna-Karkur intersection) के पास हुई।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, दस लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। घायलों में पांच पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं, जिनकी उम्र 20 से 70 वर्ष के बीच है।
हमलावर को पुलिस ने घटनास्थल पर ही गोली मारकर मार गिराया
इजराइली मीडिया की रिपोर्ट बताती है कि हमले के दौरान करकुर चौराहे पर दो पुलिस अधिकारियों को भी चाकू मारा गया। हमलावर को पुलिस ने घटनास्थल पर ही गोली मारकर मार गिराया।
यरूशलेम पोस्ट ने इजरायल पुलिस के प्रवक्ता के हवाले से कहा, 'आतंकवादी ने बस स्टेशन पर कई लोगों को कुचल दिया, फिर दूसरों को चाकू मारा और पुलिस वाहन से टकरा गया।' मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हमलावर की पहचान इजरायल के हैडा जिले के एक शहर माले आयरन के 24 वर्षीय इजरायली अरब के रूप में हुई है। उसका कोई पूर्व आपराधिक या सुरक्षा रिकॉर्ड नहीं था।
