Pakistan: पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में सेना के एक उच्च अधिकारी सहित छह सैनिक मारे गए। सेना की मीडिया इकाई इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने शनिवार को बताया कि मुठभेड़ अफगानिस्तान सीमा से लगे उत्तरी वजीरिस्तान जिले के स्पीनवाम इलाके में चार-पांच अक्टूबर की दरमियानी रात को हुई, जिसमें ‘छह ख्वारिज’ भी मारे गए हैं।
बयान के मुताबिक, दोनों ओर से हुई ‘भीषण गोलीबारी’ में अभियान का नेतृत्व कर रहे लेफ्टिनेंट कर्नल 43 वर्षीय मुहम्मद अली शौकत और पांच अन्य सैनिक मारे गए। इस बीच, प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
बलूचिस्तान में छह आतंकवादी ढेर
इससे पहले अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों ने एक अभियान के दौरान प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के छह आतंकवादियों को मार गिराया था। बुधवार कोहरनाई में बीएलए के ठिकाने के बारे में मिली सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में छापेमारी की थी। एक अधिकारी ने बताया था कि मुठभेड़ में छह आतंकवादी मारे गए हैं।एक अलग घटना के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) फहद खान खोसा ने बताया था कि बुधवार को डेरा मुराद जमाली इलाके में हथियारबंद लोगों ने जेल वैन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया था कि हमले में एक पुलिसकर्मी और एक विचाराधीन कैदी की भी मौत हो गई।
(इनपुट: भाषा)
