दुनिया

86 साल की सजा काट रही पाकिस्तानी महिला को करें रिहा; शहबाज शरीफ ने बाइडन से की यह अपील

Pakistan: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन को पत्र लिखकर एक पाकिस्तान महिला को जेल से रिहा करने का आग्रह किया। अमेरिका में प्रशिक्षित तंत्रिका तंत्र विज्ञानी आफिया सिद्दिकी को 2010 में अमेरिकी नागरिकों की हत्या का प्रयास करने सहित अन्य आरोपों में दोषी करार दिया गया था।

Image

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ

Photo : Twitter

Pakistan: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन को पत्र लिखकर उस पाकिस्तानी महिला को रिहा करने का आग्रह किया है, जो आतंकवाद के जुर्म में अमेरिका में 86 साल की जेल की सजा काट रही है। सरकारी वकील ने इस्लामाबाद की एक अदालत को शुक्रवार को यह जानकारी दी।

क्या है पूरा मामला?

शरीफ के पत्र की एक प्रति अदालत में सौंपी गई, जो अमेरिका में प्रशिक्षित तंत्रिका तंत्र विज्ञानी आफिया सिद्दिकी की बहन की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। आफिया को 2010 में अमेरिकी नागरिकों की हत्या का प्रयास करने सहित अन्य आरोपों में दोषी करार दिया गया था।

आफिया आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता को लेकर तब शक के दायरे में आ गई थी, जब उसने अमेरिका छोड़ दिया और 11 सितंबर 2011 को अमेरिका में हुए आतंकवादी हमलों के स्वघोषित साजिशकर्ता खालिद शेख मोहम्मद से निकाह कर लिया। 2008 में वह अफगानिस्तान में अमेरिकी प्राधिकारियों के साथ झड़प में घायल हो गई थी। चश्मदीदों के मुताबिक, उसने अमेरिकी प्राधिकारियों पर गोली चलाई थी।

'16 साल की सजा काट चुकी है आफिया'

शरीफ के 13 अक्टूबर को भेजे पत्र की एक प्रति के मुताबिक, पाक प्रधानमंत्री ने बाइडन को बताया कि आफिया जेल में 16 साल की अवधि काट चुकी है। उन्होंने लिखा कि मामले को “दया की नजर से देखा जाना चाहिए।” शरीफ ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कई पाकिस्तानी अधिकारियों ने उससे राजनयिक मुलाकात की और उसे मिलने वाले उपचार को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की, जिससे उसके पहले से ही कमजोर मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ा है।

पाक प्रधानमंत्री ने अधिकारियों के आकलन के हवाले से लिखा कि “दरअसल, उन्हें डर है कि वह अपनी जान ले सकती है।” उन्होंने बाइडन से आफिया की बहन की क्षमादान याचिका स्वीकार करने और मानवीय आधार पर उसकी रिहाई का आदेश देने का आग्रह किया।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article