Turkiye Ski Resort Hotel Fire: तुर्किये के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र स्थित एक 'स्की रिसॉर्ट' के होटल में मंगलवार को आग लगने की वजह से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में कम से कम 76 लोगों की मौत हो गई। गृह मंत्री अली येरलिकाया ने कहा कि मृतकों में से 45 की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्य की पहचान के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने इस घटना की जांच के तहत नौ लोगों को हिरासत में लिया है।
स्की रिसॉर्ट के होटल में कैसे लगी आग?
अधिकारियों और मीडिया में आई खबरों के अनुसार, बोलू प्रांत के कार्तलकाया रिसॉर्ट में 12 मंजिला ग्रैंड कार्तल होटल के रेस्तरां में तड़के करीब साढ़े तीन बजे आग लग गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
अफरातफरी का माहौल
सरकारी 'अनादोलु' समाचार एजेंसी ने गवर्नर अब्दुलअजीज आयदीन के हवाले से बताया कि घबराहट में इमारत से कूदने की वजह से दो पीड़ितों की मौत हो गई। इस होटल में 234 मेहमान ठहरे हुए थे। स्थानीय खबरों में बताया गया कि कुछ लोगों ने चादरों और कंबलों के सहारे अपने कमरों से नीचे उतरने की कोशिश की।
बता दें कि कार्तलकाया, इस्तांबुल से लगभग 300 किलोमीटर पूर्व में कोरोग्लू पर्वतीय क्षेत्र में स्थित एक लोकप्रिय स्की रिसॉर्ट है। तुर्किये में स्कूलों की छुट्टियां चल रही हैं और इस दौरान क्षेत्र के होटल आम तौर पर भरे हुए रहते हैं।
