Serbian Parliament: सर्बिया की संसद में मंगलवार को उस वक्त जमकर बवाल हुआ जब विपक्षी सदस्यों ने स्मोक बम फेंके। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सर्बियाई सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए विपक्षी सदस्यों ने संसद में एक के बाद एक स्मोक ग्रेनेड और आंसू गैस फेंके। इसका घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें सदन में फैला काला धुआं दिखाई दे रहा है।
तीन सांसद घायल
संसद में मचे बवाल की वजह से कम से कम तीन सांसद घायल हो गए। सर्बियाई संसद में सांसदों को यूनिवर्सिटी शिक्षा का बजट बढ़ाने वाले कानून पर मतदान करना था, लेकिन विपक्षी दलों ने सत्र को अवैध बताया और कहा कि पहले प्रधानमंत्री मिलोस वुसेविक और उनकी सरकार के इस्तीफे की पुष्टि होनी चाहिए।
संसद का सत्र शुरू होने के करीब एक घंटे बाद अराजकता की स्थिति पैदा हो गई। विपक्षी सांसदों ने सदन में सीटियां बजाईं और एक बैनर लहराया जिस पर लिखा था- 'सर्बिया का उत्थान हुआ है, इसलिए शासन का पतन होगा।' सत्र के दौरान सैकड़ों सरकार विरोधी संसद भवन के बाहर एकत्र थे।
संसद से प्राप्त तस्वीरों और वीडियो में दिख रहा है कि पहले सांसदों के बीच झड़प हुई और बाद में 'स्मोक बम' फेंके गए। सर्बियाई मीडिया ने बताया कि अंडे और पानी की बोतलें भी फेंकी गईं। अधिकारियों ने बाद में बताया कि हंगामे के दौरान तीन लोग घायल हो गए। सदन की अध्यक्ष एना ब्रनाबिक ने विपक्ष को 'आतंकवादी गिरोह' करार दिया। उन्होंने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है।
विपक्षी सांसद क्यों हैं नाराज?
यह घटना सर्बिया में गहराते राजनीतिक संकट को दर्शाती है, जहां महीनों से चल रहे भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों की वजह से सरकार मुश्किल में फंसी हुई है। वुसेविक ने जनवरी में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, क्योंकि प्रशासन को नवंबर में देश के उत्तरी हिस्से में एक कंक्रीट की छत गिरने की घटना के कारण बढ़ते विरोध का सामना करना पड़ रहा था। उक्त घटना में 15 लोगों की मौत हो गई थी और आलोचकों ने इसके लिए बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया था।
