पन्नू हत्या साजिश मामले को शांत नहीं होने दे रहा अमेरिका, फिर कहा- हम भारत सरकार से चाहते हैं जवाबदेही

आतंकी पन्नू हत्या साजिश मामला फिलहाल शांत होता नहीं दिख रहा है। अमेरिकी अधिकारी ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि हमने इस मुद्दे को सीधे भारत की सरकार के समक्ष उठाया है...दोनों पक्षों के बीच सबसे उच्च स्तर पर।

USA on Pannu Case: खालिस्तानी आतंकी पन्नू हत्या साजिश मामले को अमेरिका लगातार भारत के सामने उठा रहा है और जानकारियां मांग रहा है।अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा कि उनके देश ने सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित नाकाम साजिश की भारत द्वारा जांच से संबंधितअपडेट जानकारी मुहैया करने पर लगातार जोर दिया है और यह स्पष्ट कर दिया है कि वाशिंगटन इस मामले में जवाबदेही चाहता है। अमेरिका के उप विदेश मंत्री कर्ट कैम्पबेल ने कहा कि अमेरिका ने भारत सरकार के समक्ष उच्च स्तर पर इस मुद्दे को सीधे उठाया है।

कहा- भारत सरकार से जवाबदेही चाहते हैं

कैम्पबेल ने पिछले हफ्ते अपनी और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) जेक सुलिवन की भारत यात्रा पर प्रेस वार्ता में ये टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि इस विषय पर भारत के साथ हमारी रचनात्मक बातचीत हुई है और मैं कहूंगा कि उन्होंने हमारी चिंताओं पर गौर किया है। उप विदेश मंत्री ने कहा कि हमने स्पष्ट कर दिया है कि हम भारत सरकार से जवाबदेही चाहते हैं और हमने लगातार भारतीय जांच समिति की जांच के बारे में अपडेट जानकारी मांगी है।

End of Feed