ईरान पर इजराइल ने हवाई हमला करके उन मिसाइल हमलों का जवाब दिया है, जो कुछ दिनों पहले ईरान की ओर से किए गए थे। इस हमले को लेकर ईरान और इजराइल की ओर से तरह-तरह के दावे किए जा रहा है। इजराइल जहां तबाही का जिक्र कर रहा है, वहीं ईरान हल्की क्षति की बात कह रहा है। अब सच कौन बोल रहा है, इसका खुलासा सैटेलाइट तस्वीरों से हो गया है।
इजराइल के हमले में तबाह हुआ ईरान का सैन्य बेस
ये भी पढ़ें- उत्तरी गाजा में इजराइली हमलों में 22 लोगों की मौत, US की चेतावनी के बावजूद ईरान भी पीछे हटने को तैयार नहीं
सैटेलाइट से क्या-क्या खुलासा हुआ
शनिवार को इलम प्रांत में ईरान के तांगे बिजार प्राकृतिक गैस उत्पादन स्थल के आसपास प्लैनेट लैब्स पीबीसी की उपग्रह तस्वीरों में जले हुए खेत देखे जा सकते हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये तस्वीरें हमले से संबंधित हैं या नहीं। इलम प्रांत पश्चिमी ईरान में ईरान-इराक सीमा पर स्थित है। सबसे अधिक नुकसान प्लैनेट लैब्स की तस्वीरों में देखा जा सकता है, जो तेहरान शहर से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में मामालू बांध के पास पारचिन में हुआ है। वहां, एक ढांचा पूरी तरह से नष्ट हो गया, जबकि अन्य ढांचे हमले में क्षतिग्रस्त हुए देखे जा सकते हैं। तेहरान शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर खोजिर में, उपग्रह तस्वीरों में कम से कम दो ढांचों को हुए नुकसान को देखा जा सकता है।
ईरान को कितना नुकसान
ईरान पर इजरायली हमले ने ईरानी राजधानी के दक्षिण-पूर्व में स्थित एक गुप्त सैन्य अड्डे की सुविधाओं को नुकसान पहुंचाया है। क्षतिग्रस्त हुई कुछ इमारतें ईरान के सैन्य अड्डे के रूप में जानी जाती हैं। जहां को लेकर अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी को संदेह है कि ईरान ने अतीत में उच्च विस्फोटकों के परीक्षण किए थे, जो परमाणु हथियार को सक्रिय कर सकते थे।
कहां-कहां इजराइल ने बोला था हमला
अन्य क्षति निकटवर्ती खोजिर सैन्य अड्डे पर देखी जा सकती है, जिसके बारे में विश्लेषकों का मानना है कि वहां भूमिगत सुरंग प्रणाली और मिसाइल निर्माण स्थल है। यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि इजराइली हमले में कुल कितने स्थलों को निशाना बनाया गया। ईरान की सेना ने अभी तक नुकसान की कोई तस्वीर जारी नहीं की है। ईरानी अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों की पहचान इलम, खुजस्तान और तेहरान प्रांतों के रूप में की है।
ईरान और इजराइल ने क्या कहा
ईरान की सेना ने शनिवार सुबह इजराइल के हमले से खोजिर या पारचिन में हुए नुकसान की पुष्टि नहीं की है। हालांकि, उसने कहा है कि हमले में देश की वायु रक्षा प्रणाली में काम कर रहे चार ईरानी सैनिक मारे गए। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने रविवार को एक श्रोता से कहा कि इजराइली हमले को ‘‘बढ़ा-चढ़ाकर नहीं बताया जाना चाहिए और न ही कम करके आंका जाना चाहिए।’’ उन्होंने तत्काल जवाबी हमले का आह्वान किया। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को कहा कि इजराइल के हमलों ने ईरान को ‘‘गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया।’’
