दुनिया

सऊदी अरब और ओपेक के जरिए रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवाएंगे ट्रंप? तेल की कीमतें कम करने को कहा

5 नवंबर को चुनाव जीतने से पहले ट्रंप ने कई बार दावा किया कि वह पहले दिन ही यूक्रेन और रूस के बीच समझौता कर लेंगे। हालांकि अब उनके सलाहकार मानते हैं कि युद्ध को सुलझाने में महीनों लग जाएंगे।

Image

अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

Photo : AP

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि सऊदी अरब और ओपेक (पेट्रोलियम निर्यातक देशों का संगठन) रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को 'तुरंत' खत्म कर सकते हैं। दावोस में विश्व आर्थिक मंच को वीडियो लिंक के जरिए संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। अमेरिकी राष्ट्रपति ने गुरुवार को ऐलान किया कि वह सऊदी अरब और ओपेक से तेल की कीमत कम करने के लिए कहेंगे।

'तेल की कीमत करनी होगी कम'

ट्रंप ने कहा कि अगर तेल की कीमत कम हो जाती है, तो रूस-यूक्रेन युद्ध तुरंत समाप्त हो जाएगा। अभी, कीमत इतनी अधिक है कि युद्ध जारी रहेगा।ट्रंप ने कहा- "आपको इसे कम करना होगा, मुझे हैरानी है कि उन्होंने चुनावों से पहले ऐसा क्यों नहीं किया...उन्हें यह बहुत पहले ही कर लेना चाहिए था।"

'यूक्रेन समझौता करने के लिए तैयार'

यूएस प्रेसिडेंट ने यह भी कहा कि वह रियाद से अमेरिकी निवेश पैकेज को प्रारंभिक 600 बिलियन डॉलर से बढ़ाकर 1 ट्रिलियन डॉलर करने के लिए कहेंगे। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि यूक्रेन समझौता करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, "वह (यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की) समझौता करने के लिए तैयार हैं। वह रुकना चाहेंगे। वह ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने बहुत सारे सैनिक खो दिए हैं। रूस ने ज्यादा सैनिक खोए, उन्होंने 8,00,000 सैनिक खो दिए।"

पुतिन से करेंगे मुलाकात

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति ने यूक्रेन के साथ युद्ध को खत्म करने के लिए जल्द से जल्द रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने की भी इच्छा जताई। ट्रंप ने कहा, "मैं वास्तव में जल्द ही राष्ट्रपति पुतिन से मिलना चाहूंगा ताकि युद्ध समाप्त हो सके और यह अर्थव्यवस्था या किसी अन्य चीज के नजरिए से नहीं कह रहा हूं। यह इस दृष्टिकोण से कह रहा हूं कि लाखों लोगों की जिंदगी बर्बाद हो रही हैं... यह एक नरसंहार है। और हमें वास्तव में युद्ध को रोकना होगा।"

IANS की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article