दुनिया

रूस में अमीरों से ज्यादा टैक्स वसूलेंगे पुतिन, विधेयक पर कर दिया हस्ताक्षर

रूस में अब अमीरों के ज्यादा टैक्स देना होगा। पांच करोड़ रूबल (573,000 डॉलर) से अधिक आय के लिए अधिकतम दर 22 प्रतिशत होगी।

Image

रूस में अमीरों से ज्यादा टैक्स

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • रूस में अमीरों पर पुतिन ने बढ़ाया टैक्स
  • यूक्रेन युद्ध के कारण टैक्स बढ़ाने का आशंका
  • रूस में अब अमीरों पर ज्यादा टैक्स लगेगा

रूस में अमीरों पर लगने वाला टैक्स अब और ज्यादा हो गया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के इससे संबंधित बिल पर साइन करने के बाद अब यह कानून अस्तित्व में आ गया है। रूस में अब अमीरों पर ज्यादा टैक्स लगेगा।

रूस में अमीरों पर कितना टैक्स

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध के बीच वित्त जुटाने के इरादे से अमीरों पर अधिक आयकर लगाने वाले विधेयक पर शुक्रवार को हस्ताक्षर कर दिए। इस कानून में 24 लाख रूबल (27,500 डॉलर) तक की आय पर 13 प्रतिशत कर लगाने का प्रावधान किया गया है। लेकिन उससे अधिक आय पर कर की दर बढ़ती जाएगी। पांच करोड़ रूबल (573,000 डॉलर) से अधिक आय के लिए अधिकतम दर 22 प्रतिशत होगी।

व्यक्तिगत आय पर कर

इस कानून में व्यक्तिगत आय पर बढ़ते हुए कर की परिकल्पना की गई है। यह एकसमान दर वाले आयकर की पिछली व्यवस्था से एक बड़ा बदलाव है। वर्ष 2001 में लागू की गई एकसमान दर ने लंबे समय तक राजस्व संग्रह बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

कंपनियों के लिए भी टैक्स बढ़ा

विधेयक में कंपनियों के लिए भी आयकर दर को 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने का प्रावधान है। नई कर दरों के लागू होने से वर्ष 2025 में रूसी सरकार को 2.6 लाख करोड़ रूबल (29 अरब डॉलर) का अतिरिक्त राजस्व मिलने का अनुमान है।

कितने लोगों पर पड़ेगा असर

हालांकि पुतिन पहले कह चुके हैं कि आयकर दर में बढ़ोतरी का रूस के सिर्फ 3.2 प्रतिशत करदाताओं पर ही असर पड़ेगा। सलाहकार कंपनी मैक्रो-एडवाइजरी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी क्रिस वीफर ने करों में वृद्धि को तेल राजस्व पर रूस की निर्भरता को कम करने की कोशिशों का हिस्सा बताया। पश्चिमी देश यूक्रेन पर रूस की सैन्य कार्रवाई के बाद से ही रूसी तेल निर्यात के खिलाफ प्रतिबंधों को कड़ा कर रहे हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article