Russia Ukraine Prisoner Swap : रूस और यूक्रेन ने शनिवार को सैकड़ों युद्ध बंदियों की अदला-बदली की। रूसी रक्षा मंत्रालय बताया कि यह अदला-बदली एक बड़े अभियान का हिस्सा है, जो दोनों देशों के बीच युद्धविराम पर सहमति नहीं बनने के बावजूद आपसी सहयोग के पहलू को दर्शाता है।कीव पर बड़े पैमाने पर रूसी ड्रोन और मिसाइल हमले के कुछ घंटों बाद इन कैदियों की अदला-बदली हुई। रूसी ड्रोन व मिसाइल हमले में कम से कम 15 लोग घायल हो गए।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को प्रत्येक पक्ष ने 307-307 सैनिकों की अदला-बदली की जबकि एक दिन पहले दोनों देशों ने सैनिकों सहित कुल 390 लोगों को रिहा किया था।जेलेंस्की ने ‘टेलीग्राम’ पर जारी एक पोस्ट में कहा, “हमें उम्मीद है कि कल और सैनिक रिहा किये जाएंगे।”
रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसे उम्मीद है कि आदान-प्रदान जारी रहेगा, हालांकि विस्तृत जानकारी नहीं दी।इससे कुछ घंटों पहले रूस ने यूक्रेन की राजधानी पर ड्रोन और मिसाइलों से भीषण हमला किया, जिसमें कम से कम 15 लोग घायल हो गए।
'कीव के लोगों को भूमिगत ‘सबवे स्टेशन’ में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा'
पूरे शहर में धमाकों की आवाज सुनाई दी और कीव के लोगों को भूमिगत ‘सबवे स्टेशन’ में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।यह हमला ऐसे समय में किया गया, जब कुछ घंटे पहले ही रूस और यूक्रेन के बीच सैकड़ों बंदियों की अदला-बदली की शुरुआत हुई।इस्तांबुल में पिछले सप्ताह हुई बैठक में दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति के पहले चरण में सैनिकों और आम नागरिकों को अदला-बदली के तहत रिहा किया गया।
'यूक्रेन पर 14 बैलिस्टिक मिसाइलों और 250 शाहिद ड्रोन से हमला किया'
अधिकारियों ने बताया कि रूस ने रात भर में यूक्रेन पर 14 बैलिस्टिक मिसाइलों और 250 शाहिद ड्रोन से हमला किया। उन्होंने बताया कि यूक्रेन की सेना ने छह मिसाइलों को मार गिराया और 117 ड्रोन को रोक दिया, जबकि 128 ड्रोन को मार गिराया।कीव शहर के सैन्य प्रशासन ने कहा कि यह राजधानी पर सबसे बड़े संयुक्त मिसाइल और ड्रोन हमलों में से एक था।
'सबसे अधिक नुकसान ओबोलोन जिले में हुआ'
यूक्रेन की राजधानी के कम से कम छह शहरी जिलों में रोकी गई मिसाइलों और ड्रोन का मलबा गिरा। कीव के सैन्य प्रशासन के कार्यवाहक प्रमुख तैमूर तकाचेंको के अनुसार, हमले के बाद छह लोगों को चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता पड़ी और कीव के सोलोमियान्स्की जिले में दो जगहों पर आग लग गई।प्रशासन ने बताया कि सबसे अधिक नुकसान ओबोलोन जिले में हुआ, जहां हमले में एक रिहायशी इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है और इस इलाके में कम से कम पांच लोग घायल हुए हैं।
