दुनिया

तबाह हुआ यूक्रेन! जेलेंस्की का दावा- रूस ने एक हफ्ते में दागे 1220 हवाई बम, 850 से अधिक ड्रोन, 40 मिसाइल

ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी आने वाले दिनों में सऊदी अरब में रूसी और यूक्रेनी वार्ताकारों के साथ शांति वार्ता शुरू करेंगे। ऐसे में जेलेंस्की का दावा इसे एक अलग रूप दे सकता है, हालांकि जेलेंस्की भी अपने दावों को लेकर सवालों के घेरे में हैं।

Image

रूस के हमले में तबाह यूक्रेन का हिस्सा

Photo : AP

यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस ने पिछले एक हफ्ते में उसके इलाकों में बमों और मिसाइलों की बारिश कर दी है। जेलेंस्की ने दावा किया है कि एक हफ्ते में रूस ने यूक्रेन पर 40 से ज्यादा मिसाइलें दागीं हैं। साथ ही 850 से ज्यादा ड्रोन दागे गए हैं।

जेलेस्की का दावा

राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने शनिवार को दावा किया कि रूस ने इस हफ्ते यूक्रेन के खिलाफ 1,220 हवाई बम, 850 से अधिक ड्रोन और 40 से अधिक मिसाइलें लॉन्च की हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस युद्ध को जारी रखना चाहता है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, "रूस को, अपनी वर्तमान स्थिति में, सत्ता पर अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए युद्ध की जरुरत है, और वह हर दिन यूक्रेन पर बमबारी करके लड़ाई जारी रखने की अपनी मंशा साबित करता है।"

यूक्रेन ने मांगे हथियार

जेलेंस्की ने लिखा, "अकेले इस सप्ताह रूस ने हमारे लोगों के खिलाफ लगभग 1,220 हवाई बम, 850 से अधिक ड्रोन और विभिन्न प्रकार की 40 से अधिक मिसाइलें दागी हैं। यूक्रेन खुद की रक्षा कर रहा है - हम अपने योद्धाओं की बहादुरी और अपने सहयोगियों के समर्थन की बदौलत खड़े हैं और लड़ रहे हैं। लेकिन हमें यूक्रेन के लोगों की जान बचाने के लिए और अधिक वायु रक्षा प्रणालियों की जरुरत है।"

जेलेंस्की की यूरोप से अपील

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, "यूरोप और दुनिया को इस तरह की बुराई से बेहतर तरीके से बचाना होगा, इसका सामना करने के लिए तैयार रहना होगा। इसके लिए एक मजबूत, एकजुट विदेश नीति और पुतिन पर दबाव की आवश्यकता है, जिन्होंने इस युद्ध की शुरुआत की और अब इसे वैश्विक स्तर पर फैला रहे हैं।" उन्होंने लिखा, "यूरोप, अमेरिका और हमारे सभी साझेदारों के साथ मिलकर हम इस युद्ध को न्यायपूर्ण और स्थायी शांति के साथ समाप्त कर सकते हैं।"

अमेरिका से अपील

जेलेंस्की ने अपने ट्वीट में यूरोप के साथ ही अमेरिका से भी एकजुट होने की अपील की है। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस के साथ शांति वार्ता के लिए लगातार आगे कदम बढ़ा रहे हैं। ट्रंप ने इस सप्ताह यूरोपीय सहयोगियों और यूक्रेन को चौंका दिया, जब उनसे या कीव से पहले से परामर्श किए बिना उन्होंने पुतिन को फोन किया और शांति वार्ता की तत्काल शुरुआत की घोषणा की। ट्रम्प के यूक्रेन दूत ने तब कहा कि यूरोप को यूक्रेन शांति वार्ता के लिए मेज पर जगह नहीं मिलेगी, जब वाशिंगटन ने यूरोपीय राजधानियों को एक प्रश्नावली भेजी थी जिसमें पूछा गया था कि वे कीव के लिए सुरक्षा गारंटी में क्या योगदान दे सकते हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article