दुनिया

फिर चमकेगी कोपेनहेगन की 400 साल पुरानी इमारत, भीषण आग के चलते हो हुई थी तबाह

Copenhagen Fire: कोपेनहेगन की 400 साल पुरानी इमारत का पुनर्निर्माण कार्य शुरू होने वाला है। बता दें कि सोलह अप्रैल को तड़के लगी भीषण आग की वजह से इमारत तहस-नहस हो गई थी। आग ने इसकी तांबे की छत और प्रतिष्ठित ड्रैगन-टेल शिखर को गिरा दिया। इस इमारत का निर्माण कार्य 1615 में शुरू हुआ था।

Image

कोपेनहेगन की 400 साल पुरानी इमारत

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • कोपेनहेगन की ऐतिहासिक इमारत में लगी थी भीषण आग।
  • 400 साल पुरानी इमारत का शुरू होने वाला है पुनर्निर्माण कार्य।
  • 1615 में शुरू हुआ था इमारत का निर्माण कार्य।

Copenhagen Fire: कोपेनहेगन के ‘ओल्ड स्टॉक एक्सचेंज’ का आधा से अधिक हिस्सा भीषण आग से नष्ट हो जाने के पांच महीने बाद, श्रमिक 400 वर्ष पुरानी इस इमारत का पुनर्निर्माण शुरू करने वाले हैं ताकि उसका पुराना वैभव लौटाया जा सके। डेनमार्क के राजा फ्रेडरिक दशम बृहस्पतिवार को ईंट की दीवार के उस हिस्से में आधारशिला रखेंगे, जो अप्रैल के मध्य में लगी आग में बच गई थी और इसके साथ ही ऐतिहासिक इमारत का पुनर्निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

कब शुरू हुआ था निर्माण कार्य

डेनमार्क के ‘चैंबर ऑफ कॉमर्स’ में पुनर्निर्माण कार्य के प्रमुख लार्स डाउगार्ड जेपसेन ने कहा, ‘‘हम यह काम जल्द से जल्द शुरू करेंगे ताकि इमारत को कोपेनहेगनवासियों, डेनमार्कवासियों और विश्व के लिए फिर से तैयार किया जा सके।’’ इस इमारत का निर्माण कार्य 1615 में शुरू हुआ था और इसे पहली बार 1624 में आम लोगों के लिए खोला गया था। इमारत को डेनमार्क में डच पुनर्जागरण शैली का एक प्रमुख उदाहरण माना जाता है।

कब लगी थी आग?

सोलह अप्रैल को तड़के लगी भीषण आग ने इमारत को तहस-नहस कर दिया। आग ने इसकी तांबे की छत और प्रतिष्ठित ड्रैगन-टेल शिखर को गिरा दिया। दो दिन बाद, इमारत की बाहरी दीवार का एक बड़ा हिस्सा भी गिर गया था। हालांकि, इमारत में रखी लगभग 90 प्रतिशत वस्तुओं को आग से बचा लिया गया था। अधिकारियों ने आग लगने के कारण का अब तक खुलासा नहीं किया है लेकिन माना जाता है कि आग पहले इमारत की छत पर लगी होगी।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article