Rajnath Singh Sri Lanka Visit: भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार, 8 सितंबर से श्रीलंका की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और श्रीलंका के बीच वर्षों से चले आ रहे रक्षा, सैन्य और समुद्री सुरक्षा सहयोग को और अधिक मजबूत बनाना है। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, राजनाथ सिंह 8 से 10 सितंबर तक श्रीलंका में रहेंगे।
राजनाथ सिंह का 3 दिवसीय श्रीलंका दौरा
इस महत्वपूर्ण यात्रा में रक्षा मंत्री के साथ रक्षा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी कोलंबो पहुंचेगा। अपने तीन दिनों के प्रवास के दौरान राजनाथ सिंह श्रीलंका के शीर्ष नेतृत्व के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा और सुरक्षा साझेदारियों जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तृत बातचीत करेंगे। इसके अलावा, वह कोलंबो में भारतीय समुदाय (इंडियन डायस्पोरा) के लोगों से भी मुलाकात करेंगे और उनसे संवाद करेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: पुतिन से 3 घंटे की बातचीत, फिर कीव पहुंचे ट्रंप के दूत... क्या अब रुक जाएगा रूस-यूक्रेन युद्ध?
नेबरहुड फर्स्ट की नीति पर भारत का बड़ा कदम
भारत और श्रीलंका के बीच गहरे सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और व्यापारिक संबंध रहे हैं। दोनों देश हिंद महासागर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए एक-दूसरे के रणनीतिक साझेदार हैं। भारत ने हमेशा अपनी 'नेबरहुड फर्स्ट' (पड़ोसी प्रथम) नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'महासागर' (MAHASAGAR - Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions) विजन के तहत पड़ोसी देशों को प्राथमिकता दी है।
श्रीलंका को संकट से निकालने में भारत की अहम भूमिका
गौरतलब है कि जब श्रीलंका भीषण आर्थिक संकट से जूझ रहा था या फिर 2025 में आए चक्रवात 'दितवाह' के दौरान संकट में था, तब भारत ने एक सच्चे दोस्त की तरह सबसे पहले मदद का हाथ बढ़ाया था। रक्षा मंत्री का यह श्रीलंका दौरा दोनों देशों के बीच पारंपरिक दोस्ती को गहरा करने और विशेष रूप से समुद्री सुरक्षा साझेदारियों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा।
