Nepal RSP Party president in India: नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रवि लामिछाने जल्द ही भारत की यात्रा कर सकते हैं। पार्टी के प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी। पार्टी प्रवक्ता मनीष झा के अनुसार, लामिछाने की भारत यात्रा की संभावित तिथि और अन्य विवरण पर अभी काम किया जाना बाकी है। झा ने कहा कि यात्रा के बारे में आरएसपी सोमवार को आधिकारिक पुष्टि कर सकती है। हालांकि, कई नेपाली मीडिया प्रतिष्ठानों ने कहा कि यह यात्रा संभवतः एक जून के आसपास होगी।
जल्द भारत यात्रा कर सकते हैं नेपाल की सत्तारूढ़ पार्टी RSP के प्रमुख, पहले प्रधानमंत्री बालेन शाह ने रुख ने चौंकाया था
इस संभावित यात्रा को महत्वपूर्ण बताया जा रहा है क्योंकि कुछ महीने पहले आरएसपी के सत्ता में आने के बाद से नेपाल और भारत के बीच कोई उच्चस्तरीय दौरा नहीं हुआ है। इस यात्रा के दौरान, लामिछाने के नयी दिल्ली में उच्च अधिकारियों और भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठकें करने की उम्मीद है।
बालेन शाह ने भारत को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई
नेपाल में पिछले साल सितंबर महीने में Gen X आंदोलन से कम्युनिस्ट पार्टियां पूरी तरह से हाशिए पर चली गईं। पांच मार्च को हुए संसदीय चुनावों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने लगभग दो-तिहाई बहुमत हासिल किया और बालेन शाह ने 27 मार्च को सरकार की कमान संभाली। बालेन शाह को लेकर उम्मीद थी कि वे भारत के साथ संबंधों में गर्मजोशी लाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालेन शाह को बधाई संदेश में खुलकर खशी जाहिर की थी।
बालेन शाह ने भारत को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाली मीडिया में इस बात की बहुत चर्चा हुई कि काठमांडू में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव बालेन शाह से मिलकर बधाई देना चाहते थे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। पहले भारत का राजदूत नेपाल के नए प्रधानमंत्री को व्यक्तिगत रूप से मिलकर बधाई देता था। शाह ने विदेशी राजदूतों से व्यक्तिगत मुलाकात की परंपरा तोड़ दी।
बालेन शाह को लेकर उम्मीद थी कि वह जल्द ही भारत का दौरा करेंगे लेकिन अचानक RSP ने बयान जारी कर कहा कि नेपाली प्रधानमंत्री कम से कम एक साल तक कोई विदेश यात्रा नहीं करेंगे। वहीं, पीएम मोदी ने अपने बधाई संदेश के साथ शाह को भारत आने का निमंत्रण भी दिया था, जिसे शाह ने स्वीकार कर लिया था।
भारतीय पर्यटकों के लिए सोने के आभूषण पर कर समाप्त करने का आग्रह
उधर नेपाल के पूर्व वित्त मंत्री सुरेंद्र पांडे ने रविवार को प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार से भारतीय नागरिकों को सोने के आभूषण पर कर से छूट देने का आग्रह किया और हिमालयी देश के विवाह गंतव्य स्थल बनने की क्षमता पर जोर दिया। काठमांडू में एक कार्यक्रम में पांडे ने कहा कि सरकार को न्यूनतम हस्तक्षेप करना चाहिए और बाजार को स्वतंत्र रूप से काम करने देना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कड़े नियम और कानून नेपाल की अर्थव्यवस्था को फलने-फूलने में मदद नहीं करेंगे।
पांडे ने नेपाल को विवाह गंतव्य के रूप में बढ़ावा देने की क्षमता पर जोर दिया और कहा कि इसके लिए देश में आने वाले भारतीय आगंतुकों के लिए सोने के आभूषणों पर कर से छूट देने की आवश्यकता है। उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय वाहनों के नेपाल में प्रवेश को निर्बाध बनाने का भी आग्रह किया।
