Russia attack on Ukraine: यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस के हमले के बाद दुनिया भर से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। रूसी हमलों पर व्हाइट हाउस की तरफ से भी बयान आया है। व्हाइट हाउस ने कहा है कि 'कीव पर हुए रूस के हवाई हमलों से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुश नहीं हैं लेकिन वह हैरान भी नहीं हैं।' व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने मीडिया ब्रीफिंग में यह बात कही।
कीव पर रूस के हमलों पर व्हाइट हाउस की प्रतिक्रिया। तस्वीर-ANI
हमलों में कीव में 19 लोगों की जान गई
लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति इस युद्ध का अंत कराना चाहते हैं। रूस के राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की भी इस युद्ध का अंत चाहते हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस युद्ध के शुरू होने के बाद यह दूसरा सबसे बड़ा हमला बताया जा रहा है। इन हमलों में चार बच्चों सहित 19 लोगों की जान गई है। सचिव ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की योजना कुछ समय बाद इस हमले पर बोलने की है।
मलबे में दबे हो सकते हैं लोग
कीव शहर प्रशासन के प्रमुख तैमूर त्काचेंको ने बताया कि मृतकों में दो, 14 और 17 साल के तीन नाबालिग शामिल हैं। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि बचाव दल मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने हमले के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘रूस बातचीत की मेज के बजाय बैलिस्टिक हथियारों को चुनता है। हम दुनिया के उन सभी लोगों से प्रतिक्रिया की उम्मीद करते हैं जिन्होंने शांति की अपील की थी, लेकिन अब सैद्धांतिक रुख अपनाने के बजाय अक्सर चुप रहते हैं।’ रूस के रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि उसने रात भर में यूक्रेन के 102 ड्रोन मार गिराए। ज्यादातर ड्रोन देश के दक्षिणपश्चिम हिस्से में मार गिराए।
रिफाइनरियों पर बार-बार हमला किया
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन हमले के कारण क्रास्नोडार क्षेत्र में अफिप्सकी तेल रिफाइनरी में आग लग गई, जबकि समारा क्षेत्र में नोवोकुइबिशेवस्क रिफाइनरी में भी आग लगने की खबर है। हाल के सप्ताहों में यूक्रेनी ड्रोनों ने रूस की युद्ध अर्थव्यवस्था को कमजोर करने के प्रयास में रिफाइनरियों और अन्य तेल अवसंरचना पर बार-बार हमला किया है, जिसके कारण कुछ रूसी क्षेत्रों में गैस स्टेशनों पर तेल खत्म हो गया है और कीमतें बढ़ गई हैं। त्काचेंको ने कहा कि रूस ने वायु रक्षा प्रणाली को चकमा देने में सक्षम ड्रोन, क्रूज मिसाइल और बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। कीव के सात जिलों में कम से कम 20 स्थानों पर हमला किया गया। करीब 100 इमारतों को नुकसान पहुंचा है जिसमें शहर के केंद्र में एक शॉपिंग मॉल भी शामिल है। हमले के कारण हजारों खिड़कियों के शीशे टूट गए।
