दुनिया

'पुतिन को बातचीत की मेज पर आना चाहिए', कीव पर हमले के बाद ईयू की कमिश्नर लेयेन की अपील

रूस ने बृहस्पतिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर ड्रोन और मिसाइलों से बड़ा हमला किया, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गयी और 48 अन्य घायल हो गए। स्थानीय प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका के नेतृत्व में शांति प्रयास सफल न होने के बीच पिछले कुछ सप्ताहों में यह कीव पर रूस का पहला बड़ा हमला है।

Image

कीव पर ड्रोन-मिसाइल से हमले में 12 की मौत। तस्वीर-ANI

Photo : ANI

Russia Kyiv attack : यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस के ड्रोन एवं मिसाइल हमलों के बाद यूरोपीय यूनियन की कमिश्नर उर्सुला वोन डेर लेयेन ने गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ फोन पर बात की। इसके बाद लेयेन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की मेज पर आने की अपील की। कीव पर रूस के हवाई हमले में यूरोपीय संघ का कार्यालय भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

कीव पर ड्रोन-मिसाइल से हमले में 12 की मौत

बता दें कि रूस ने बृहस्पतिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर ड्रोन और मिसाइलों से बड़ा हमला किया, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गयी और 48 अन्य घायल हो गए। स्थानीय प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका के नेतृत्व में शांति प्रयास सफल न होने के बीच पिछले कुछ सप्ताहों में यह कीव पर रूस का पहला बड़ा हमला है। यूक्रेन की वायु सेना के अनुसार, रूस ने पूरे देश में 598 ड्रोन और विभिन्न प्रकार की 31 मिसाइलें दागीं, जिससे यह युद्ध के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक बन गया।

मलबे में दबे हो सकते हैं लोग

कीव शहर प्रशासन के प्रमुख तैमूर त्काचेंको ने बताया कि मृतकों में दो, 14 और 17 साल के तीन नाबालिग शामिल हैं। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि बचाव दल मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने हमले के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘रूस बातचीत की मेज के बजाय बैलिस्टिक हथियारों को चुनता है। हम दुनिया के उन सभी लोगों से प्रतिक्रिया की उम्मीद करते हैं जिन्होंने शांति की अपील की थी, लेकिन अब सैद्धांतिक रुख अपनाने के बजाय अक्सर चुप रहते हैं।’ रूस के रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि उसने रात भर में यूक्रेन के 102 ड्रोन मार गिराए। ज्यादातर ड्रोन देश के दक्षिणपश्चिम हिस्से में मार गिराए।

रिफाइनरियों पर बार-बार हमला किया

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन हमले के कारण क्रास्नोडार क्षेत्र में अफिप्सकी तेल रिफाइनरी में आग लग गई, जबकि समारा क्षेत्र में नोवोकुइबिशेवस्क रिफाइनरी में भी आग लगने की खबर है। हाल के सप्ताहों में यूक्रेनी ड्रोनों ने रूस की युद्ध अर्थव्यवस्था को कमजोर करने के प्रयास में रिफाइनरियों और अन्य तेल अवसंरचना पर बार-बार हमला किया है, जिसके कारण कुछ रूसी क्षेत्रों में गैस स्टेशनों पर तेल खत्म हो गया है और कीमतें बढ़ गई हैं। त्काचेंको ने कहा कि रूस ने वायु रक्षा प्रणाली को चकमा देने में सक्षम ड्रोन, क्रूज मिसाइल और बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। कीव के सात जिलों में कम से कम 20 स्थानों पर हमला किया गया। करीब 100 इमारतों को नुकसान पहुंचा है जिसमें शहर के केंद्र में एक शॉपिंग मॉल भी शामिल है। हमले के कारण हजारों खिड़कियों के शीशे टूट गए।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article