PM Modi US Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बुधवार को दो दिवसीय अमेरिका दौरा शुरू हुआ, जहां से पीएम मोदी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के गेस्टहाउस ब्लेयर हाउस पहुंचे। इस दौरान ब्लेयर हाउस के बाहर मौजूद भारतीय समुदाय से मुलाकात की। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात करेंगे और दोनों के बीच द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों पर चर्चा हो सकती है।
पीएम मोदी का अमेरिका दौरा (फोटो साभार: @narendramodi)
PM मोदी ने क्या कुछ कहा?
PM मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''कुछ समय पहले ही वाशिंगटन डीसी पहुंचा हूं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने और भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं। हमारे देश अपने लोगों के लाभ और हमारे ग्रह के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।"पीएम मोदी बुधवार को फ्रांस के मारसेई से अमेरिका के लिए रवाना हुए। यह उनकी दो देशों की यात्रा का दूसरा चरण है। वह 10 फरवरी को फ्रांस पहुंचे थे।
संवेदनशील मुद्दों पर बातचीत संभव
पीएम मोदी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ व्यक्तिगत और प्रतिनिधिमंडल स्तर पर द्विपक्षीय बैठक करेंगे। वह उन चंद विश्व नेताओं में शामिल हैं, जो ट्रंप के 20 जनवरी को शपथ ग्रहण करने के बाद अमेरिका की यात्रा कर रहे हैं। दोनों नेताओं की बैठक में कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। विदेश नीति पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों ने संकेत दिया है कि कुछ संवेदनशील मुद्दों पर भी बातचीत हो सकती है।
