VIDEO: मनीला में क्वाड समिट से पहले दिखा तिरंगे का सम्मान, PM मोदी ने जमीन से उठाया राष्ट्रीय ध्वज, डोनाल्ड ट्रंप बोले- 'सेव इट'

मनीला में आसियान सम्मेलन के इतर क्वाड नेताओं की ग्रुप फोटो के दौरान पीएम मोदी ने जमीन पर स्पॉट मार्कर के रूप में रखे तिरंगे को उठाकर सम्मान दिया। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा 'सेव इट'।

फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित आसियान (ASEAN) शिखर सम्मेलन के इतर मंगलवार को क्वाड देशों के राष्ट्राध्यक्षों की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक से पहले ग्रुप फोटो के लिए एकत्रित हो रहे नेताओं के बीच एक बेहद खास क्षण देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब मंच पर पहुंचे, तो उन्होंने जमीन पर स्पॉट मार्कर यानी स्थान को चिह्नित करने के लिए रखे गए भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को देखा। सम्मान के साथ आगे बढ़ते हुए पीएम मोदी ने तुरंत उस छोटे तिरंगे को जमीन से उठाकर अपने पास रख लिया। इस दृश्य को देखकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "सेव इट" यानी इसे संभाल कर रखिए।

pm modi picks flag marker

ट्रंप को फ्लैग मार्कर दिखाते PM मोदी (चित्र साभार: The White House Via ANI)

दक्षिण अफ्रीका में 15वें ब्रिक्स सम्मेलन की याद हुई ताजा

प्रधानमंत्री मोदी के इस कदम ने अगस्त 2023 में दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित 15वें BRICS शिखर सम्मेलन की याद ताजा कर दी। उस समय भी मंच पर फोटो सेशन के दौरान नेताओं के खड़े होने के स्थान को चिह्नित करने के लिए जमीन पर देशों के छोटे राष्ट्रीय ध्वज रखे गए थे। उस दौरान भी पीएम मोदी ने जमीन पर पड़े तिरंगे पर पैर रखने के बजाय उसे उठाकर अपनी जेब में रख लिया था, जिसकी पूरी दुनिया में काफी सराहना हुई थी। मनीला में हुए इस फोटो सेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची मौजूद थे। डोनाल्ड ट्रंप के मौजूदा राष्ट्रपति कार्यकाल में क्वाड नेताओं की यह पहली इन-पर्सन शिखर बैठक थी।

End of Feed