दुनिया

जिस सिंधु नदी का पानी रोक रहा भारत, उसी पर नहर बनाने के लिए भिड़ रहे पाकिस्तानी नेता; गिर सकती है शरीफ सरकार

पाकिस्तान सिंधु नदी से 6 नहर निकालने की तैयारी में है, जिससे वो बंजर भूमि को सींचना चाहता है, इसी को लेकर सिंध प्रांत में भारी विरोध हो रहा है। शहबाज शरीफ की सरकार में शामिल पीपीपी, सरकार से निकलने की धमकी दे रही है।

Image

पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ

Photo : AP

पाकिस्तान भी अजब है, पहलगाम आतंकी हमले के बाद जिस सिंधु नदी के पानी को भारत रोकने की तैयारी कर रहा है, सिंधु जल समझौते को सस्पेंड कर चुका है, उसी को लेकर पाकिस्तानी नेता आपस में लड़ रहे हैं। दरअसल पाकिस्तान सिंधु नदी पर 6 नहर बनाने की तैयारी में है, इसी को लेकर सरकार ही आपस में लड़ रही है। शरीफ सरकार में हिस्सेदार पीपीपी ने इस मुद्दे पर सरकार से अलग होने की धमकी दे दी है।

पीपीपी की धमकी

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने कहा है कि अगर कॉमन इंटरेस्ट्स काउंसिल (सीसीआई) की आगामी बैठक में सिंधु नहर संबंधी मुद्दे का समाधान नहीं हुआ तो वह संघीय सरकार से बाहर निकल जाएगी और अपना समर्थन वापस ले लेगी। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सिंधु नदी पर छह नहरों के निर्माण के मुद्दे पर आम सहमति बनाने के लिए 2 मई को सीसीआई की बैठक बुलाई गई थी।

नहर परियोजना का पाकिस्तान में हो रहा विरोध

बता दें सिंधु नदी पर नहरों के निर्माण का भारी विरोध हो रहा है विशेष तौर पर सिंध प्रांत ने जहां प्रदर्शनों का सिलसिला रुक नहीं रहा है। पीपीपी नेता और सिंध के ऊर्जा मंत्री नासिर शाह ने रविवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, "अगर सीसीआई की बैठक में नहरों का मुद्दा नहीं सुलझा तो पीपीपी सरकार से अलग हो जाएगी।"

गिर सकती है शरीफ सरकार

एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार, नासिर शाह के नेतृत्व में पीपीपी प्रतिनिधिमंडल ने सरकार में अपने गठबंधन सहयोगी मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट पाकिस्तान (एमक्यूएम-पी) के साथ बैठक की। उन्होंने एमक्यूएम नेताओं से अनुरोध किया कि वे रिक्त सीट के लिए आगामी सीनेट उपचुनाव से अपना उम्मीदवार वापस ले लें। एमक्यूएम-पी के साथ बैठक के बाद शाह ने कहा कि नहर मुद्दे ने पूरे प्रांत के लोगों को एकजुट कर दिया है, क्योंकि यह सिंध के लिए काफी अहम है। शाह ने कहा, "हम जानते हैं कि अगर पीपीपी सरकार से बाहर निकलती है, तो वह चल नहीं सकती है। इसलिए हम उम्मीद करते हैं कि सरकार नहर मुद्दे पर अपना वादा पूरा करेगी।"

क्या है पाकिस्तान की योजना

पाकिस्तानी सरकार ने 'ग्रीन पाकिस्तान इनिशिएटिव' के तहत 3.3 अरब डॉलर की लागत से छह नहरों का निर्माण करने की योजना बनाई है, जिससे दक्षिण पंजाब में 12 लाख एकड़ कथित बंजर भूमि को सिंचित किया जाएगा। हालांकि, सिंध प्रांत ने इस फैसले पर कड़ा विरोध जताया है। सिंध सरकार और प्रांत को को आशंका है कि इन नहरों के निर्माण से सिंधु नदी से उसके हिस्से का पानी कम हो जाएगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article