India-Pakistan Tension: भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तानी सेना ने युद्ध अभ्यास जारी रखा है। सैन्य सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तानी सेना की पैदल सेना, तोपखाना और बख्तरबंद डिवीजन सियालकोट, नरोवाल, जफरवाल, शकरगढ़ और अन्य क्षेत्रों में आयोजित युद्ध अभ्यास में भाग ले रही हैं। सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी सेना के जवान लड़ाई के लिए तैयार है।
भारत के साथ तनाव के बीच पाकिस्तानी सेना दिखा रही अपनी ताकत
पहलगाम में मारे गए थे 26 भारतीय नागरिक
बता दें कि पहलगाम में हुए घातक आतंकवादी हमले में 26 नागरिकों की मौत के बाद भारतीय सैन्य जवाबी कार्रवाई की संभावना और आशंका से घबराए पाकिस्तान ने भारत के साथ लगती सीमा पर अपनी सेना को तैनात करना शुरू कर दिया है और अपनी नौसेना को भी तैयार रखा है। यह बयान पिछले छह दिनों में जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LOC) और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा बार-बार संघर्ष विराम उल्लंघन के बीच आया है।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया था कि देश को विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली है, जिससे संकेत मिलता है कि भारत अगले 24 से 36 घंटों के भीतर सैन्य हमला कर सकता है। पाकिस्तानी मंत्री का यह डराने वाला बयान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मंगलवार को भारतीय सशस्त्र बलों को 22 अप्रैल के कायराना हमले का जवाब देने के लिए पूर्ण परिचालन स्वतंत्रता दिए जाने के एक दिन बाद आया था।
