दुनिया

पहलगाम हमला: भारत-पाक तनाव के बीच रुबियो ने की जयशंकर और शरीफ से बात, पाक पीएम ने अलापा वही पुराना राग

इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि अमेरिका कश्मीर की स्थिति के संबंध में भारत और पाकिस्तान दोनों से संपर्क कर रहा है और उन्हें तनाव को और न बढ़ाने के लिए कह रहा है।

Image

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने की जयशंकर-शरीफ से बात

Marco Rubio Speaks With Jaishankar And Sharif: अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान को तनाव कम करने के लिए कदम उठाना शुरू कर दिया है। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बुधवार को विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अलग-अलग बात की। जयशंकर के साथ अपनी बातचीत में रुबियो ने पहलगाम में हुए भयावह आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के लिए दुख जताया, जिसमें 26 नागरिक मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे।

रुबियो ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ सहयोग की बात कही

विदेश विभाग के प्रवक्ता टैमी ब्रूस द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, रुबियो ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ सहयोग करने के लिए अमेरिका की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने भारत को तनाव कम करने और दक्षिण एशिया में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पाकिस्तान के साथ काम करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी मार्को रुबियो से बातचीत की जानकारी दी।

इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि अमेरिका कश्मीर की स्थिति के संबंध में भारत और पाकिस्तान दोनों से संपर्क कर रहा है और उन्हें तनाव को और न बढ़ाने के लिए कह रहा है। ब्रूस ने यह भी कहा था कि रुबियो आज या कल तक पाकिस्तान और भारत के विदेश मंत्रियों से बात कर सकते हैं।

भारत-पाक विदेश मंत्री

भारत-पाक विदेश मंत्री

शरीफ ने अलापा पुराना राग

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बुधवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को फोन किया। इस दौरान शरीफ ने पुराना राग अलापते हुए रूबियो से भारत की शिकायत की। शरीफ ने अपने देश के आतंकवाद से पीड़ित होने का भी दावा किया। शरीफ ने कहा कि किस तरह पाकिस्तान ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कितना नुकसान झेला है।

कहा- देश के 90,000 से अधिक लोगों की जान हुई कुर्बान

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि शरीफ ने अमेरिकी विदेश मंत्री को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद दक्षिण एशिया में हाल के घटनाक्रम के संबंध में पाकिस्तान के दृष्टिकोण से अवगत कराया। विज्ञप्ति में कहा गया कि शरीफ ने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में पाकिस्तान के महत्वपूर्ण योगदान का जिक्र किया और दावा किया कि देश के 90,000 से अधिक लोगों की जान कुर्बान हुई है और 152 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है।

शहबाज शरीफ

शहबाज शरीफ

सिंधु जल संधि का जिक्र

शरीफ ने हमले से पाकिस्तान को जोड़ने के भारत की बात को खारिज कर दिया और मामले की जांच कराने की पाकिस्तान की मांग दोहराई। उन्होंने अमेरिका से आग्रह किया है कि वह भारत पर दबाव डाले। शरीफ ने सिंधु जल संधि का भी मुद्दा उठाया और कहा कि संधि के तहत मिलने वाला जल 24 करोड़ लोगों के लिए जीवन रेखा है। उन्होंने दावा किया कि संधि में किसी भी पक्ष द्वारा एकतरफा तरीके से पीछे हटने का कोई प्रावधान नहीं है।

पीएम मोदी ने दी सेना को पूरी आजादी

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को शीर्ष रक्षा अधिकारियों से कहा कि पहलगाम आतंकी हमले पर भारत की प्रतिक्रिया के तरीके, लक्ष्य और समय पर निर्णय लेने के लिए सशस्त्र बलों को पूरी आजादी है। उच्च स्तरीय बैठक के दौरान, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और तीनों सेनाओं के प्रमुख शामिल हुए, मोदी ने पुष्टि की कि आतंकवाद को करारा झटका देना राष्ट्रीय संकल्प है। पीएम मोदी ने सशस्त्र बलों की पेशेवर क्षमताओं में पूर्ण विश्वास और भरोसा जताया। भारत की लगातार सक्रियता के कारण पाकिस्तान को अंदेशा सता रहा है कि भारत सख्त जवाबी कार्रवाई कर सकता है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article