पहलगाम में आतंकी हमले करके बेगुनाह लोगों की जान लेने वाला पाकिस्तान अब शांति की बात करने लगा है। भारत की एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की हालत खराब हो रखी है, जिसके बाद अब उसके नेता भारत के साथ बातचीत की कोशिशों में जुट गए हैं। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने कहा कि वो भारत के साथ शांति के लिए बातचीत को तैयार हैं। जबकि भारत का स्पष्ट रूख है कि जबतक आतंक खत्म नहीं होगा, भारत कोई बातचीत नहीं करेगा और बातचीत होगी भी तो पीओके पर होगी।
पाकिस्तान पीएम शहजाब शरीफ (फाइल फोटो-@ShehbazSharif)
भारत के साथ बातचीत को पाक तैयार
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कश्मीर, आतंकवाद, जल और व्यापार सहित सभी मुद्दों को सुलझाने के लिए भारत के साथ शांति वार्ता करने की सोमवार को इच्छा व्यक्त की। शरीफ ने यह टिप्पणी ईरान की राजधानी तेहरान में की, जहां वह चार देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री तुर्किये से ईरान की राजधानी पहुंचे, जहां राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने सादाबाद पैलेस में उनका स्वागत किया। पेजेशकियन के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शरीफ ने कहा कि वह शांति के लिए भारत के साथ बातचीत करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम कश्मीर मुद्दे और जल मुद्दे सहित सभी विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाना चाहते हैं और व्यापार तथा आतंकवाद-रोधी मुद्दों पर भी अपने पड़ोसी के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं।’’
भारत का रुख स्पष्ट
भारत ने स्पष्ट कहा है कि वह पाकिस्तान के साथ केवल पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को वापस लेने और आतंकवाद के मुद्दे पर ही बातचीत करेगा। बता दें कि पीएम मोदी ने कुछ दिनों पहले ही साफ कर दिया था कि अब पाकिस्तान के साथ न trade होगा और न talk, अगर बात होगी तो सिर्फ PoK की। पाकिस्तान ने अगर आतंकियों को एक्सपोर्ट करना जारी रखा... तो उसको पाई-पाई के लिए मोहताज होना होगा।
