Pakistan Blast: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके से एक बेहद दुखद और खौफनाक खबर सामने आ रही है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत (Khyber Pakhtunkhwa Explosion) में बने एक हाई-सिक्योरिटी वाले पुलिस परिसर के पास स्थित मस्जिद के करीब एक जोरदार विस्फोट हुआ है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भीषण हादसे में कम से कम 16 लोगों की जान चली गई है, जबकि 50 से ज्यादा लोग बुरी तरह जख्मी हो गए हैं।
पाकिस्तान ब्लास्ट, खैबर पख्तूनख्वा धमाका (वीडियो ग्रैब)
डीएचक्यू (DHQ) अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट ताहिर अली शाह ने बताया कि अस्पताल में 16 शव और 50 से अधिक घायल लोगों को लाया गया है। स्थिति को देखते हुए अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कोहाट-हंगू रोड को सभी तरह के ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया है, जबकि पुलिस लाइंस के पास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
रेस्क्यू टीमें धमाके वाली जगह पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। खबरों के मुताबिक, आसपास की इमारतों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
सुरक्षा बलों और रेस्क्यू टीमों का ऑपरेशन जारी है, और मामले से जुड़ी बाकी विस्तृत जानकारी का अभी इंतजार है।
आशंका जताई जा रही है कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया सुसाइड अटैक (आत्मघाती हमला) था। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनी गई और आस-पास की इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा। विस्फोट के वक्त परिसर में काफी हलचल थी। धमाका होते ही इलाके में भगदड़ मच गई और हर तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की भारी नफरी और आपातकालीन रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं।
मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ने की आशंका
घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों का इलाज कर रही है, और मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ने की आशंका है। सुरक्षा बलों ने पूरे पुलिस परिसर और आसपास के इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है। सर्च ऑपरेशन चलाकर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमलावर अंदर कैसे दाखिल हुआ और क्या मौके पर कोई और संदिग्ध सामान तो मौजूद नहीं है।
राष्ट्रपति ने हादसे पर जताया दुख
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कोहाट की ओल्ड पुलिस लाइंस के पास हुए धमाके में नागरिकों के घायल होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति ने विस्फोट में घायल हुए लोगों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। राष्ट्रपति ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को तुरंत और हर संभव बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खाजिरी उपद्रवियों और बाहरी समर्थन से सक्रिय आतंकवादियों का पूरी तरह से सफाया करना बेहद जरूरी है।
