दुनिया

Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान में एक के बाद एक हुए बस हादसे, 41 लोगों की मौत, 22 घायल

Pakistan Bus Accident: पिछले सप्ताह भी इसी तरह की एक बड़ी घटना सामने आई थी। ईरान के यज्द शहर में इराक जा रही तीर्थयात्रियों की बस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। इसमें 28 पाकिस्तानी मारे गए और 23 अन्य घायल हुए थे।

Image

पाकिस्तान में बस हादसा

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • पाकिस्तान में दो बस हादसे
  • इन हादसों में 12 तीर्थयात्रियों की भी मौत
  • नेताओं ने हादसे पर जताया शोक

Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान में एक के बाद एक हुए बस हादसों में 41 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही 22 लोगों के घायल होने की भी खबर है। मृतकों में कई तीर्थयात्री भी बताए जा रहे हैं।

पाकिस्तान में दो बस दुर्घटना

IANS की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान में रविवार को दो बस दुर्घटनाओं में कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई। इनमें 12 तीर्थयात्री भी शामिल हैं, जो ईरान जा रहे थे। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ''पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।''

पहली घटना पंजाब प्रांत में

पहली घटना में पंजाब प्रांत और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के बीच सीमा के पास हुई। यहां एक बस खड्ड में गिर गई। इसमें 29 लोगों की मौत हो गई। बता दें कि यह बस कहुटा से रावलपिंडी जा रही थी। वह रावलकोट क्षेत्र में सड़क से उतरकर गहरी खाई में जा गिरी। महिलाओं और बच्चों सहित पीड़ितों को रावलकोट के एक सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। इस बीच लोगों को मलबे से निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है।

दूसरी घटना बलूचिस्तान में

एक अन्य घटना में बलूचिस्तान में मकरान तटीय राजमार्ग पर एक बस के खड्डे में गिर जाने से 12 लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य घायल हो गए। तीर्थयात्री पंजाब प्रांत से ईरान जा रहे थे, लेकिन उन्हें लासबेला जिले में रोक दिया गया। हालांकि बाद में ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। इस घटना में घायल हुए लोगों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नेताओं ने जताया दुख

राष्ट्रपति जरदारी ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने राहत कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा, "कहूटा में बस के खाई में गिरने की घटना में 29 लोगों की जान जाने से मैं बहुत दुखी हूं। अल्लाह इस घटना में मारे गए लोगों को शांति दे और उनके प्रियजनों को धैर्य प्रदान करे।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article