दुनिया

पाकिस्तान में फिर हुआ ब्लास्ट, बलूचिस्तान में IED विस्फोट में तीन पुलिसकर्मियों की मौत, 18 अन्य घायल

अभी तक किसी ने बलूचिस्तान में हुए इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी अक्सर प्रांत में सुरक्षा बलों पर हमला करती रहती है।

Image

बलूचिस्तान में आईईडी विस्फोट में तीन पुलिसकर्मियों की मौत

Photo : AP

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार को एक पुलिस वाहन के आईईडी विस्फोटक की चपेट में आने से तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई जबकि 18 अन्य घायल हो गए। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि यह विस्फोट मस्तुंग जिले में बलूचिस्तान कॉन्स्टैबुलरी के एक वाहन को निशाना बनाकर किया गया। उन्होंने बताया कि इस वाहन में सवार पुलिसकर्मी ड्यूटी से वापस लौट रहे थे।

3 की मौत

उन्होंने बताया कि तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 घायलों को क्वेटा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। बलूचिस्तान कॉन्स्टैबुलरी प्रांतीय पुलिस सेवा का हिस्सा है।

इलाके की घेराबंदी

रिंद ने बताया कि बलूचिस्तान कॉन्स्टैबुलरी के इन पुलिसकर्मियों को बलूचिस्तान नेशनल पार्टी-मेंगल के एक धरने के लिए तैनात किया गया था। ये धरना बलूच नेताओं और बीएनपी-एम कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमले की जांच कर जा रही है। किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी अक्सर प्रांत में सुरक्षा बलों पर हमला करती रहती है।

पीएम शरीफ ने की निंदा

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले की कड़ी निंदा की और अधिकारियों को घायलों के लिए तत्काल उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शरीफ ने साथ ही आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की प्रतिबद्धता भी जतायी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article