दुनिया

Pakistan Blast: कराची में ब्लास्ट, 2 की मौत, 30 से ज्यादा घायल

Pakistan Blast: पाकिस्तान के कराची शहर में भीषण विस्फोट हुआ है, जिसमें 2 लोगों की मौत और 33 लोग घायल हो गई हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

Image

पाकिस्तान के कराची में ब्लास्ट (फोटो-Meta AI)

Pakistan Blast: पाकिस्तान केकराची में स्थित एक गोदाम में गुरुवार को हुए भीषण विस्फोट ने इलाके में दहशत फैला दी। ताज मेडिकल कॉम्प्लेक्स के पास तीन मंजिला इमारत के तहखाने में हुए इस धमाके में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की जानकारी

पुलिस सर्जन डॉ. सुम्मैया सैयद ने डॉन अखबार को बताया कि 20 घायलों को जिन्ना पोस्टग्रेजुएट मेडिकल सेंटर (JPMC) में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो की हालत नाजुक है। वहीं 14 अन्य घायल सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए लाए गए हैं। डॉ. सैयद ने बाद में पुष्टि की कि गोदाम स्थल पर एक 16 वर्षीय किशोर मृत पाया गया, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई।

विस्फोट की वजह

रेस्क्यू सेवा 1122 के प्रवक्ता हसनुल हसीब खान के अनुसार, विस्फोट इमारत के बेसमेंट में हुआ, जहां विस्फोटकों और पटाखों के निर्माण में उपयोग होने वाला कच्चा माल अवैध रूप से संग्रहीत किया गया था। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह बताया गया है, जो अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री के संपर्क में आने से बड़े विस्फोट में बदल गया। उन्होंने बताया- "यह इलाका रिहायशी है और इमारत की ऊपरी मंजिलों पर परिवार रह रहे थे। ऐसे में इस तरह के खतरनाक पदार्थों का स्टोर किया जाना न सिर्फ अवैध है, बल्कि लोगों की जान के साथ खुला खिलवाड़ भी है।"

राहत और बचाव कार्य

धमाके के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, फायर ब्रिगेड और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता दी गई और घनी आबादी वाले क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से खाली कराया गया। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने गोदाम और आसपास के इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों में गुस्सा

इस हादसे ने स्थानीय निवासियों में आक्रोश पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही और गैरकानूनी गतिविधियों पर आंख मूंद लेने की वजह से यह हादसा हुआ। कई नागरिकों ने सवाल उठाया है कि रिहायशी इलाके में इस तरह के खतरनाक रसायनों को कैसे जमा करने की इजाजत दी गई।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article