Nvidia CEO जेन्सेन हुआंग की जगह लेने के लिए कंपनी के अंदर और बाहर के उम्मीदवारों की तलाश कर रही है। इस प्रक्रिया में भारतीय मूल के तीन अधिकारी भी शामिल हैं। एक चीनी जासूस होने के संदेह वाली महिला के साथ कथित संबंधों को लेकर चल रहे विवाद के बीच, जेन्सेन हुआंग ने गुरुवार को एनवीडिया के CEO पद से इस्तीफा दे दिया।
संजय मेहरोत्रा, थॉमस कुरियन और निकेश अरोड़ा के नाम चर्चा में ! (फाइल फोटो)
उनके इस्तीफे के पीछे उनके कथित विवाहेतर संबंधों को लेकर चल रहा विवाद है, उनके इस्तीफे के बाद, एनवीडिया की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर, कोलेट क्रेस्स ने अंतरिम CEO का पद संभालने पर सहमति जताई है।
एक मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय मूल के तीन टेक्नोलॉजी अधिकारी-संजय मेहरोत्रा, निकेश अरोड़ा और थॉमस कुरियन उन संभावित उम्मीदवारों में शामिल हैं, जिन पर एनवीडिया में हुआंग की जगह लेने के लिए विचार किया जा रहा है। एनवीडिया ने इस शीर्ष पद के लिए उपयुक्त उम्मीदवारों को खोजने और उनका मूल्यांकन करने के लिए एक बाहरी रिक्रूटमेंट फर्म की मदद ली है।
भारतीय मूल के इन तीन अधिकारियों के बारे में जान लें
1) संजय मेहरोत्रा वर्तमान में माइक्रोन टेक्नोलॉजी (Micron Technology) के प्रमुख हैं। इस पद पर आने से पहले, उन्होंने सैनडिस्क (SanDisk) की सह-स्थापना की थी और 2011 से 2016 तक (जब वेस्टर्न डिजिटल ने कंपनी का अधिग्रहण किया) इसके प्रेसिडेंट और CEO के रूप में काम किया। फरवरी 2017 में मार्क डर्कन के रिटायरमेंट की घोषणा के बाद, मेहरोत्रा को माइक्रोन टेक्नोलॉजी का CEO नियुक्त किया गया।
2) निकेश अरोड़ा एक भारतीय-अमेरिकी कॉर्पोरेट अधिकारी हैं, जो वर्तमान में साइबर सुरक्षा कंपनी पालो ऑल्टो नेटवर्क्स (Palo Alto Networks) के चेयरमैन और CEO हैं। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, 'अपने सात साल के कार्यकाल के दौरान, उन्होंने कंपनी में एक बड़ा बदलाव किया है, जिससे यह AI और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में एक ग्लोबल लीडर बन गई है। आज यह दुनिया भर के बड़े संगठनों और सरकारों के लिए सुरक्षा के मामले में पहली पसंद बन गई है।'
3) थॉमस कुरियन एक भारतीय-अमेरिकी बिजनेस अधिकारी हैं, जो वर्तमान में गूगल क्लाउड (Google Cloud) के CEO के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत मैकिन्से एंड कंपनी से की, जहाँ उन्होंने लंदन और ब्रुसेल्स में छह साल तक कंसल्टेंट के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने सॉफ्टवेयर, टेलीकम्युनिकेशंस और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर के क्लाइंट्स को सलाह दी।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: Nvidia CEO:'हम उन्हें वापस चाहते हैं...', जेनसेन हुआंग की विदाई परकर्मचारियों की गुहार
1996 में, कुरियन ओरेकल से जुड़े, कंपनी की सीनियर लीडरशिप में जाने से पहले, उन्होंने वहां प्रोडक्ट मैनेजमेंट और डेवलपमेंट में कई भूमिकाएं निभाईं। बाद में वे ओरेकल के ई-बिजनेस डिवीजन के वाइस प्रेसिडेंट बने, जहां उन्होंने कंपनी को एक ई-बिजनेस एंटरप्राइज में बदलने की पहल का नेतृत्व किया। इसके बाद उन्होंने ओरेकल फ्यूजन मिडलवेयर की जिम्मेदारी संभाली और फिर सर्वर टेक्नोलॉजीज डिवीजन के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के रूप में काम किया, जहां उन्होंने ओरेकल एप्लिकेशन सर्वर्स के डेवलपमेंट और डिलीवरी की देखरेख की। नवंबर 2018 में, कुरियन गूगल के क्लाउड डिवीजन से जुड़ गए।
ट्रंप ने एप्पल के CEO टिम कुक का नाम भी सुझाया
खबरों के अनुसार, जिन अन्य नामों पर विचार किया जा रहा है, उनमें एनवीडिया की CFO कोलेट क्रेस और वाइस प्रेसिडेंट इयान बक शामिल हैं। इयान बक ने CUDA को विकसित करने में मदद की थी, यह वह सॉफ्टवेयर है जो AI कंप्यूटिंग में इस्तेमाल होने वाले एनवीडिया के ग्राफिक्स प्रोसेसर्स को पावर देता है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने को एनवीडिया का नेतृत्व करने के लिए संभावित उम्मीदवार के रूप में एप्पल के CEO टिम कुक का नाम भी सुझाया। उन्होंने दुनिया की सबसे सफल कंपनियों में से एक को बनाने में कुक की भूमिका की तारीफ की।
