Doval Meets Natanyahu: राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने सोमवार को इजराइल में इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की। क्षेत्रीय विकास और गाजा में मानवीय सहायता के मुद्दे को हल करने की तुरंत जरूरत को लेकर दोनों के बीच चर्चा हुई। इसके साथ ही दोनों के बीच इजरायली बंधकों को लेकर भी बात हुई।
अजीत डोभाल ने की नेतन्याहू से मुलाकात
नेतन्याहू से मुलाकात
इजरायली प्रधानमंत्री के आधिकारिक हैंडल से एक्स पर पोस्ट किया गया, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आज भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की और उन्हें गाजा पट्टी में लड़ाई के हालिया घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। इस दौरान डोभाल ने अपने इजरायली समकक्ष तजाखी हानेग्बी से भी मुलाकात की, जो नेतन्याहू के साथ बैठक के दौरान भी मौजूद थे।
पीएम मोदी की पहल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार क्षेत्र के महत्वपूर्ण नेताओं, जैसे अरब एमिरेट्स, कतर, सऊदी अरब, मिस्र और जॉर्डन के साथ संपर्क में हैं और क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए चर्चा में सक्रिय रूप से शामिल हैं। भारत ने जरूरी चीजों की खेप भेजकर गाजा में फिलिस्तीनी आबादी को आवश्यक मानवीय सहायता प्रदान करने के प्रयासों का समर्थन किया है।
भारत ने की बातचीत करने की अपील
पांच मार्च को यूनाइटेड नेशंस जनरल असेंबली में भारत ने संघर्ष को लेकर चिंता जताई थी। भारत ने कहा था कि इजराइल-हमास संघर्ष के चलते बड़े स्तर पर लोगों की जान जा चुकी है। खासकर महिलाओं और बच्चों की मौतें अस्वीकार्य है। यूएनजीए में ब्रीफिंग के दौरान संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कहा कि भारत की स्थिति स्पष्ट है इसे कई मौकों पर दोहराया गया है। दोनों पक्षों के बीच सीधी और सार्थक बातचीत के माध्यम से इसका समाधान निकाला जा सकता है। यह स्थायी शांति के लिए जरूरी है।
