Northern Cyprus Ferry Capsizes: उत्तरी साइप्रस के तट के पास रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। लगभग 270 यात्रियों और क्रू मेंबर्स को लेकर जा रही एक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग अभी भी लापता हैं।
घटना की जानकारी देते हुए उत्तरी साइप्रस के प्रधानमंत्री उनाल उस्तल ने तुर्किये के सरकारी समाचार चैनल को बताया कि अब तक 237 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जबकि 24 अन्य लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी खोज के लिए व्यापक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
प्रधानमंत्री उस्तल ने बताया कि बंदरगाह से निकलने के महज 15 मिनट के भीतर ही नाव खराब मौसम की चपेट में आ गई। तेज लहरों की वजह से नाव में तेजी से पानी भरने लगा, जिसके तत्काल बाद क्रू मेंबर्स की ओर से 'इमरजेंसी कॉल' जारी की गई।
यह हादसा तब हुआ जब 'फिलो डेनिज़किलिक' कंपनी की यह नाव उत्तरी साइप्रस के कैरेनिया बंदरगाह से रवाना होकर तुर्किये के मर्सिन प्रांत स्थित तासुकु की ओर जा रहा था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: NASA ने भरी उड़ान, ब्रह्मांड के अनसुलझे रहस्यों की खोज करेगा 'रोमन स्पेस टेलीस्कोप'; Hubble से 100 गुना ज्यादा ताकतवर
तट से कुछ ही दूरी पर हुआ हादसा
कैरेनिया के मेयर मूरत सेनकुल ने बताया कि नाव साइप्रस के उत्तरी तट पर स्थित 'डायना बीच' के पास डूब गई। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, तट से महज 7.5 किलोमीटर की दूरी पर ही नाव में पानी भरना शुरू हो गया था।
घटनास्थल से सामने आए वीडियो फुटेज में डरावना मंजर देखने को मिला, जहां पानी में पलटी हुई नाव के चारों ओर लाइफ-जैकेट पहने कई लोग जान बचाने की जद्दोजहद करते हुए देखे गए। फिलहाल, राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है और लापता लोगों की तलाश जारी है।
