दुनिया

उत्तर कोरिया ने किया खतरनाक ICBM 'Hwasong-19' मिसाइल का सफल परीक्षण, UNSC प्रतिबंधों को दिखाया ठेंगा; अमेरिका फिर भड़का

उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से समुद्र की ओर इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। उत्तर कोरिया ने यह मिसाइल ऐसे वक्त दागी है जब दक्षिण कोरिया के साथ उसके संबंधों में तनाव है और उसने काफी आक्रामक रुख अपनाया हुआ है। इस परीक्षण के बाद उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन ने कहा कि देश ने परमाणु हथियारों के इस्‍तेमाल के ल‍िए एक मजबूत स्थिति हासिल कर ली है।

Image

उत्तर कोरिया ने किया अपनी नई आईसीबीएम 'ह्वासोंग-19' का सफल परीक्षण

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

ICBM Hwasong-19 Missile: उत्तर कोरिया ने अपनी नई अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) ह्वासोंग-19 का सफल परीक्षण किया है। यह जानकारी दक्षिण कोरिया की सेना ने उत्तर कोरिया के हवाले से दी। इस परीक्षण के बाद उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन ने कहा कि देश ने परमाणु हथियारों के इस्‍तेमाल के ल‍िए एक मजबूत स्थिति हासिल कर ली है। कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) के अनुसार, किम जोंग-उन की अगुआई में उत्तर कोरिया ने एक महत्वपूर्ण मिसाइल परीक्षण किया। इससे न सिर्फ उत्तर कोरिया की सशस्त्र सैन्य शक्ति मजबूत होगी बल्कि देश के सशस्त्र बलों की पूर्ण श्रेष्ठता को कायम रखने में यह मील का पत्थर साबित होगा।

म‍िसाइल ने करीब 1000 किलोमीटर तक भरी उड़ान

दक्षिण कोरियाई सेना ने कहा कि उसने सुबह करीब 7:10 बजे प्योंगयांग से एक दागी गई मिसाइल का पता लगाया। पूर्वी सागर में गिरने से पहले म‍िसाइल ने करीब 1000 किलोमीटर तक उड़ान भरी। योनहाप समाचार एजेंसी ने बताया कि यह एक ठोस ईंधन वाली आईसीबीएम थी। बता दें कि उत्तर कोरिया का पिछले एक साल में यह पहला मिसाइल परीक्षण है। इसे 5 नवंबर को होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पर्यवेक्षकों ने कहा कि उत्तर कोरिया की उकसावे वाली कार्रवाई का उद्देश्य संभवतः अमेरिकी मुख्य भूमि पर परमाणु हथियार पहुंचाने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन करना तथा रूस में अपनी सेना की तैनाती को लेकर हाल में हुई निंदा से ध्यान हटाना था। उत्तर कोरिया ने अपनी इस आईसीबीएम को बेहद शक्तिशाली आक्रामक साधन व अपनी लंबी दूरी की मिसाइलों में सर्वोत्तम बताया है।

ह्वासोंग-19 ने 7687.5 किलोमीटर की अधिकतम ऊंचाई पर उड़ने में सक्षम

केसीएनए ने लिखा कि हाल ही में किए गए इस नई मिसाइल के परीक्षण से उत्तर कोर‍िया की रणनीतिक मिसाइल क्षमता बढ़ी है। केसीएनए ने कहा कि उत्तर कोरिया के नेता किम ने इस बात पर संतोष जताया कि इस मिसाइल के सफल परीक्षण से यह साबित हो गया है कि देश ने परमाणु हथियार बनाने और उसके विकास में ठोस सफलता हासिल कर ली है। उत्तर कोरिया ने कहा कि ह्वासोंग-19 ने 7687.5 किलोमीटर की अधिकतम ऊंचाई पर 1001.2 किलोमीटर की दूरी तय की और 5156 सेकंड तक उड़ान भरी। इसे उत्तर कोरियाई मिसाइल के लिए सबसे लंबे समय तक उड़ान भरने वाला माना गया।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article