दुनिया

Pakistan: क्या इमरान खान जेल से रिहा होकर घर में रहेंगे नजरबंद? रक्षा मंत्री ने एक-एक कर दी सारी जानकारी

Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की क्या रिहाई होने वाली है? ऐसा इसलिए पूछा जा रहा है, क्योंकि इमरान की बहन अलीमा खान ने दावा किया था कि उनके भाई को अदियाला जेल से बानीगाला स्थित उनके आवास पर स्थानांतरित करने की पेशकश की गई थी। इस पर रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का बयान सामने आया है।

Image

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (फाइल फोटो)

Imran Khan News: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने मीडिया में आई उन खबरों को शनिवार को सिरे से खारिज किया कि सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल से बानीगाला स्थित उनके आवास पर स्थानांतरित करने या उन्हें घर में नजरबंद करने की कोई पेशकश की थी।

इस्लामाबाद से लगभग 240 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित सियालकोट में एक कार्यक्रम में आसिफ ने कहा, ''ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है, न ही उनकी रिहाई के लिए कोई दबाव है।''

क्या जेल से बाहर आएंगे इमरान?

रक्षा मंत्री का यह बयान इमरान की बहन अलीमा खान के इस दावे के मद्देनजर आया है कि उनके भाई और पाकिस्तान तहरीक-ए-पाकिस्तान (PTI) के संस्थापक को अदियाला जेल से बानीगाला स्थित उनके आवास पर स्थानांतरित करने की पेशकश की गई थी।

अदियाला जेल में कैद हैं इमरान

72 वर्षीय इमरान विभिन्न मामलों के सिलसिले में 2023 के मध्य से रावलपिंडी की अदियाला जेल में कैद हैं। इनमें से कुछ मामलों में उन्हें दोषी करार दिया जा चुका है, जबकि कुछ मामले विचाराधीन हैं।

आसिफ ने कहा कि इमरान की हिरासत का मुद्दा न्यायपालिका से जुड़ा हुआ है और सिर्फ संबंधित अदालतें ही उनकी रिहाई या नजरबंदी के बारे में फैसला कर सकती हैं। उन्होंने कहा, ''ये दावे पूरी तरह से बेबुनियाद हैं और जनता को गुमराह करने की पीटीआई की कोशिशों का हिस्सा हैं।''

'कोर्ट तय करेगा इमरान का भविष्य'

रक्षा मंत्री ने पीटीआई पर राजनीतिक लाभ लेने के लिए कहानियां गढ़ने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ''इमरान खान का भविष्य अदालत तय करेगी, सरकार नहीं। मैं न्यायपालिका से जुड़ा हुआ नहीं हूं और मैं निश्चित तौर पर अदालती फैसलों की भविष्यवाणी करने वाला भविष्यवक्ता नहीं हूं।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article