दुनिया

New York मेट्रो में बुजुर्गों पर हमला करने वाला पहले तीन बार हो चुका था गिरफ्तार; जानें क्या बोले ममदानी

New York Subway Stabbing: न्यूयॉर्क के ग्रैंड सेंट्रल स्टेशन पर एक व्यक्ति ने तीन बुजुर्गों को चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर मारा गया है।

Image

ग्रैंड सेंट्रल स्टेशन पर हुई वारदात

Photo : AP

New York: न्यूयॉर्क सिटी के सबसे व्यस्त मेट्रो स्टेशनों में से एक 'ग्रैंड सेंट्रल स्टेशन' शनिवार सुबह खून-खराबे का गवाह बना। यहां एक सिरफिरे शख्स ने सरेआम चाकू (Machete) से तीन बुजुर्ग यात्रियों पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से हमलावर की मौत हो गई है। इस घटना के बाद पूरे न्यूयॉर्क शहर में हड़कंप मच गया और मेट्रो सेवा आंशिक रूप से बाधित रही।

भीड़भाड़ वाले स्टेशन पर अचानक हमला

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) के अनुसार, घटना सुबह करीब 9:40 बजे की है। 42nd स्ट्रीट-ग्रैंड सेंट्रल स्टेशन पर एक व्यक्ति ने अचानक मचेटी से यात्रियों पर हमला करना शुरू कर दिया। हमले का शिकार हुए तीनों व्यक्ति बुजुर्ग हैं। एक की उम्र 84 साल है, जिसके सिर और चेहरे पर गंभीर घाव हैं, दूसरे 65 साल के व्यक्ति के सिर और चेहरे पर चोट लगी है, साथ ही खोपड़ी में फ्रैक्चर भी है। तीसरी पीड़ित एक महिला है, जिसकी उम्र 70 साल है, उसके कंधे पर चोट आई है। राहत की बात यह है कि तीनों घायलों की जान खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि दो पुरुषों को गहरी चोटें आई हैं।

पुलिस की चेतावनी और एनकाउंटर

पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश ने बताया कि पास में ही मौजूद दो अधिकारियों को एक नागरिक ने हमले की सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को हथियार डालने के लिए 20 बार आदेश दिए, लेकिन उसने चाकू नहीं फेंका। खतरे को देखते हुए एक अधिकारी ने दो राउंड फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध घायल हो गया। टिश ने बताया कि संदिग्ध की पहचान 44 वर्षीय एंथनी ग्रिफिन के तौर पर हुई है, उसे न्यूयॉर्क सिटी में पहले तीन बार गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन पुलिस के रिकॉर्ड में उनके मानसिक बीमारी का कोई इतिहास दर्ज नहीं था।

क्या बोले ममदानी

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया पर पुष्टि की है कि बाद में अस्पताल में संदिग्ध की मौत हो गई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि "आज सुबह ग्रैंड सेंट्रल स्टेशन पर एक गंभीर घटना हुई, जहां एक व्यक्ति ने प्लेटफॉर्म पर मचेटे से तीन लोगों पर हमला किया। पुलिस अधिकारियों ने उसे हथियार छोड़ने के लिए कहा, लेकिन जब उसने ऐसा नहीं किया तो उसे गोली मार दी गई। बाद में उसकी मौत हो गई। मैं NYPD की त्वरित कार्रवाई के लिए आभारी हूं, जिसने और अधिक हिंसा को रोक दिया। घायल तीनों व्यक्तियों को अस्पताल ले जाया गया है और वे फिलहाल स्थिर स्थिति में हैं। इस घटना की आंतरिक जांच NYPD द्वारा की जा रही है और जैसा कि हर मामले में होता है, अधिकारियों द्वारा बॉडी-वॉर्न कैमरा फुटेज भी सार्वजनिक किया जाए।"

बिना किसी उकसावे के किया हमला

चीफ ऑफ ट्रांजिट जोसेफ गुलोट्टा ने कहा कि शुरुआती जांच में यह हमला पूरी तरह से 'रैंडम' (अचानक और बिना किसी कारण के) लग रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमला मेट्रो के अंदर शुरू हुआ या सीधे प्लेटफॉर्म पर। इस घटना के दौरान दो पुलिस अधिकारियों की भी अस्पताल में जांच की गई है। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। एहतियात के तौर पर यात्रियों को इलाके से दूर रहने की सलाह दी गई और कुछ ट्रेनों के लिए स्टेशन को बंद रखा गया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article