Mojtaba Khamenei : मोजतबा खामनेई को ईरान को नया सुप्रीम लीडर बनाया गया है। ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के मुताबिक मोजतबा मार दिए गए अयातुल्ला अली खामनेई के बेटे हैं। मोजतबा को देश के 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' के द्वारा नया सुप्रीम लीडर चुना गया है। ईरान इंटरनेशनल ने सूत्रों के हवाले से कहा कि 'द असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने अली खामनेई के बेटे मोजतबा को नया सुप्रीम लीडर चुना है।' रिपोर्ट के मुताबिक 56 साल के मोजतबा का चुनाव देश की कमान संभालने के लिए हुआ है। वह खामनेई दूसरे बड़े बेटे हैं और उन्हें लंबे समय से खामनेई के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता रहा है।
मोजतबा खामनेई ईरान के नए सुप्रीम लीडर बने हैं।
मौलवियों पर IRGC ने दबाव डाला-रिपोर्ट
इस्लामिक रिपब्लिक ने लंबे समय से राजशाही शासन की आलोचना की है और खुद को राजशाही के ज्यादा सही विकल्प के तौर पर दिखाया है। पिता से बेटे को सत्ता मिलने से उस सिद्धांत पर सवाल उठेंगे। ईरान इंटरनेशनल ने आगे दावा किया कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने मौलवियों पर मोजतबा का साथ देने के लिए बहुत ज्यादा दबाव डाला। मीडिया आउटलेट ने बताया, 'IRGC ने मौलवियों के जमा हुए ग्रुप पर मोजतबा को सरकार का नया लीडर चुनने के लिए बहुत ज्यादा दबाव डाला।'
ईरान पर हमले का ट्रंप ने किया बचाव
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर अपने हमले का बचाव किया है। ट्रंप ने कहा है कि एक संभावित परमाणु हमले को रोकने के लिए ऐसा करना जरूरी था और 'तेहरान हम पर हमले की तैयारी कर रहा था।' बीते 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला किया। इस हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामनेई और इस्लामी सरकार के शीर्ष अधिकारियों की मौत हो चुकी है। वहीं, ईरान अपनी जवाबी कार्रवाई में अरब देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य बेसों एवं इजरायल को निशाना बनाकर ड्रोन एवं मिसाइलों से हमले कर रहा है। इस सवाल पर कि क्या ईरान पर हमला करने के लिए इजरायल ने यूएस को मजबूर किया।
ईरान के नए नेतृत्व पर ट्रंप ने क्या कहा...
ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका-इजराइल का सैन्य अभियान समाप्त होने के बाद ईरानी शासन के भीतर से ही किसी व्यक्ति का सत्ता संभालना सबसे अच्छा विकल्प हो सकता है। राष्ट्रपति कार्यालय से संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन इस बात के समर्थन में नहीं है कि ईरान के अंतिम के शाह के बेटे रजा पहलवी सत्ता की बागडोर संभालें। वर्तमान में, पहलवी निर्वासन में रह रहे हैं। ईरान में मौजूद संभावित नेताओं के बारे में ट्रंप ने कहा, 'जिन लोगों के बारे में हमने सोचा था, वे मर चुके हैं।’ ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता है कि सबसे बुरा यह होगा कि फिर कोई ऐसा व्यक्ति सत्ता संभाले जो पहले वाले जितना ही बुरा हो...लेकिन, हम ऐसा नहीं होने देना चाहते।
