दुनिया

अमेरिका के मिनियापोलिस में अंधाधुंध गोलीबारी, हमलावर समेत 3 लोगों की मौत; दो पुलिसकर्मियों को लगी गोली

अमेरिका के मिनियापोलिस में डाउनटाउन इलाके की एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में भीषण गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस हमले में 2 नागरिकों की मौत हो गई, जबकि संदिग्ध हमलावर भी मारा गया। 3 पुलिस अधिकारियों समेत 7 लोग घायल हैं।

Image

आसपास का इलाका पुलिस ने किया बंद

Photo : AP

अमेरिका के मिनेसोटा राज्य स्थित मिनियापोलिस शहर के डाउनटाउन इलाके में गोलीबारी की एक भयावह घटना सामने आई है। लोरिंग पार्क के पास स्थित एक बहुमंजिला अपार्टमेंट बिल्डिंग में सिरफिरे बंदूकधारी ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस खूनी वारदात में दो आम नागरिकों की मौत हो गई, जबकि जवाबी कार्रवाई और धुंध के बीच संदिग्ध हमलावर भी मारा गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी हमलावर ने गोलियां बरसाईं। इस मुठभेड़ में 3 पुलिस अधिकारी घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 अधिकारियों को सीधे गोलियां लगी हैं।

धुएं से भरी मंजिलें और गोलियों की तड़तड़ाहट

मिनियापोलिस पुलिस विभाग के सार्जेंट गैरेट पार्टन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना बुधवार दोपहर (स्थानीय समयानुसार) की है। पुलिस को जब इमारत में एक्टिव शूटर और गोलियां चलने की सूचना मिली, तो भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जैसे ही पुलिस अधिकारी ऊपर की मंजिलों की तरफ बढ़े, वहां धुएं जैसी स्थिति बनी हुई थी, जिससे दृश्यता न के बराबर थी। एक पीड़ित की अपार्टमेंट के भीतर ही गोली लगने से मौके पर मौत हो गई थी, जबकि दूसरे गंभीर रूप से घायल नागरिक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

अस्पताल में भर्ती 7 घायल

घटना के तुरंत बाद घायलों को नजदीकी 'हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर' ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, गोलीबारी के बाद कुल 7 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल हुए तीनों पुलिस अधिकारियों का इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर ने तीनों पुलिस अधिकारियों की स्थिति खतरे से बाहर और स्थिर बताई है। हालांकि, अन्य घायल नागरिकों की हालत पर अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा रही है।

एक निवासी ने मीडिया को बताया कि उसने बिल्डिंग में ही रहने वाले एक व्यक्ति को हाथ में पिस्टल लिए देखा था। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनते ही वह अपनी जान बचाने के लिए नीचे की तरफ भागा। FBI, ATF और SWAT की टीमों ने पूरी इमारत को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया।

लोरिंग पार्क इलाके में अलर्ट जारी

जिस इलाके में यह वारदात हुई, वह घनी आबादी वाला लोरिंग पार्क र मिनियापोलिस कन्वेंशन सेंटर का पास का क्षेत्र है। शासन और स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आम नागरिकों को अगली एडवाइजरी जारी होने तक घटना स्थल और आसपास के रास्तों से दूर रहने की सख्त सलाह दी है। मामले की जांच जारी है और हमलावर के मकसद का पता लगाया जा रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article