Two Planes Collide At Miami Airport: अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार रात एक बड़ा विमान हादसा होते-होते बचा। यहां टैक्सीवे पर आगे बढ़ रहे दो विमान आपस में टकरा गए। इनमें एक UPS का कार्गो विमान और दूसरा कोपा एयरलाइंस का यात्री विमान था। टक्कर के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और पायलटों के बीच हुई बातचीत का ऑडियो सामने आया है।
मियामी एयरपोर्ट पर दो विमानों की टक्कर, ATC और पायलट की बातचीत का ऑडियो आया सामने।
इसमें कंट्रोलर को यूपीएस विमान के पायलट से पूछते सुना जा सकता है- 'क्या आपने उस विमान को टक्कर मारी?' इस पर पायलट जवाब देता है कि वे आगे निकल गए थे और दूसरे विमान का विंग उनसे टकरा गया। घटना में दो लोगों को मामूली चोटें आईं।
कैसे हुई दोनों विमानों की टक्कर?
यह घटना 14 नवंबर की रात करीब 9:15 बजे मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पनामा सिटी से आया कोपा एयरलाइंस का बोइंग 737 विमान टैक्सीवे से अपने गेट की ओर जा रहा था। वहीं, UPS का बोइंग 767 कार्गो विमान बोगोटा, कोलंबिया के लिए उड़ान भरने की तैयारी में था।
इसी दौरान दोनों विमानों के रास्ते एक-दूसरे से टकरा गए। अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, कोपा एयरलाइंस के विमान का विंगटिप UPS के विमान की नोज यानी अगले हिस्से से टकराया।
'क्या तुमने विमान को टक्कर मारी?'
हादसे के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल और दोनों विमानों के पायलटों के बीच हुई बातचीत का ऑडियो सामने आया है। इसमें कोपा एयरलाइंस के पायलट को कहते सुना जा सकता है, 'किसी ने हमें टक्कर मारी है।' इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोलर UPS विमान के पायलट से कहता है कि उन्हें कोपा एयरलाइंस के विमान को रास्ता देना था।
फिर कंट्रोलर सवाल करता है, 'UPS 358, क्या आपने उस विमान को टक्कर मारी?' इस पर यूपीएस विमान का पायलट जवाब देता है, 'हां, हम थोड़ा आगे निकल गए और फिर उसने अपने विंग से हमें टक्कर मार दी।' इस बातचीत के सामने आने के बाद घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
166 यात्री और 6 क्रू मेंबर थे सवार
कोपा एयरलाइंस के विमान में 166 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। एयरलाइन के मुताबिक, टक्कर के बाद सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया। दो लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें एयरपोर्ट पर ही मेडिकल सहायता दी गई। उन्हें अस्पताल ले जाने की जरूरत नहीं पड़ी। यूपीएस ने भी पुष्टि की कि उसका विमान इस घटना में शामिल था और उसके क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।
एयरपोर्ट के संचालन पर क्या पड़ा असर?
मियामी एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, दोनों विमानों की टक्कर टैक्सीवे के चौराहे पर हुई। घटना के बाद विमानों को दूसरे टैक्सीवे से गुजारा गया। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना से एयरपोर्ट के सामान्य संचालन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।
