Epstein Files: अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप (Melania Trump) ने जेफ्री एपस्टीन के साथ अपने किसी तरह के संबंधों से इंकार किया है। साथ ही उन्होंने पीड़ितों की सुनवाई शुरू करने की मांग की है। व्हाइट हाउस में मीडिया से बात करते हुए मेलानिया ने कहा कि एपस्टीन से उन्हें जोड़ने के जितने भी दावे किए जा रहे हैं, उन पर तुरंत विराम लगनी चाहिए। 'फर्स्ट लेडी' ने ऑन लाइन चल रहीं 'अफवाहों' को भी गलत बताया है जिनमें कहा गया है कि यह एपस्टीन ही था जिसने डोनाल्ड ट्रंप से मेलानिया का परिचय कराया। मेलानिया ने कहा कि 'इन गलत दावों' के जरिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
2000 में उससे केवल 'एक छोटी सी मुलाकात' हुई-मेलानिया
एपस्टीन पर अचानक से दिए गए मेलानिया (Melania Trump) के इस बयान पर हैरानी जताई जा रही है। क्योंकि उनके कार्यालय की ओर से इस बारे में पहले कोई संकेत नहीं था कि वह इस बारे में कोई बयान देने वाली हैं। व्हाइट हाउस के कार्यक्रम में भी इस विषय का उल्लेख नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि वह कभी एपस्टीन की पीड़ित नहीं रहीं और साल 2000 में उससे केवल 'एक छोटी सी मुलाकात' हुई। रिपोर्टों के मुताबिक मेलानिया ने मीडिया से कहा, 'एपस्टीन महिलाओं को प्रताड़ित करता था, इस बारे में मुझे कभी जानकारी नहीं हुई। मैं किसी भी तरह उसकी करतूतों में शामिल नहीं थी और न ही उसके अत्याचारों में मेरी किसी तरह की भूमिका थी।'

Melania Trump
मेलानिया के कथित मेल पर उठे सवाल
दरअसल, मेलानिया द्वारा भेजे गए एक ईमेल का जिक्र किया जा रहा है। यह मेल 'जी' नाम को संबोधित करते हुए लिखा गया है। समझा जाता है कि मेलानिया का यह संबोधन एपस्टीन की सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल के लिए है। इसमें एपस्टीन पर आधारित एक स्टोरी की तारीफ की गई है। न्यूयॉर्क मैगजीन के इस लेख में मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान भी शामिल थे, जिसमें उन्होंने एपस्टीन को 'शानदार इंसान' बताया और कहा कि 'उसके साथ रहना काफी मजेदार है।' उन्होंने यह भी कहा था, 'यह भी कहा जाता है कि उसे खूबसूरत महिलाओं का उतना ही शौक है जितना मुझे है, और उनमें से कई कम उम्र की होती हैं। इसमें कोई शक नहीं जेफ्री अपनी सामाजिक जिंदगी का आनंद लेता है।
संदिग्ध हालात में जेल हुई एपस्टीन की मौत
एपस्टीन एक अमेरिकी वित्तीय कारोबारी था, जो अपनी संपत्ति और प्रभावशाली संपर्कों के लिए जाना जाता था। वह कई बड़े राजनेताओं, उद्योगपतियों और मशहूर हस्तियों से जुड़ा हुआ था। लेकिन बाद में उस पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और सेक्स ट्रैफिकिंग के गंभीर आरोप लगे। 2019 में उसे गिरफ्तार किया गया, पर मुकदमे के दौरान ही न्यूयॉर्क की जेल में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले ने वैश्विक स्तर पर हंगामा मचाया और कई बड़े नामों की भूमिका पर सवाल खड़े किए।
