देश

Marco Rubio : अगले महीने भारत आएंगे अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो, मिस्री के वाशिंगटन दौरे के बाद तय हुआ कार्यक्रम

Marco Rubio : रूबियो के दौरे की पुष्टि कर दी गई है। भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री वाशिंगटन दौरे पर हैं। रूबियो से मिस्री की मुलाकात के बाद उनके भारतीय दौरे की घोषणा हुई है।

Image

भारत दौरे पर आएंगे अमेरिकी विदेश मंत्री। तस्वीर-https://x.com/USAmbIndia)

Rubio to visit India : अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो (Marco Rubio :)अगले महीने भारत की यात्रा पर आएंगे। रूबियो के दौरे की पुष्टि कर दी गई है। भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री वाशिंगटन दौरे पर हैं। रूबियो से मिस्री की मुलाकात के बाद उनके भारतीय दौरे की घोषणा हुई है। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्गियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री तीन दिनों के अमेरिका दौरे पर हैं। इस दौरान वाइट हाउस में अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रूबियो के साथ उनकी बैठक हुई है। इस दौरान अमेरिकी राजदूत की तरफ से कहा गया है 'बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की गई, खासकर व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, डिफेंस और क्वाड के क्षेत्रों में।'

सर्जियो गोर ने कहा-सार्थक बैठक हुई

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, जो इस बैठक में मौजूद थे, उन्होंने अपने X पोस्ट में कहा, 'व्हाइट हाउस में विक्रम मिस्री का स्वागत है! मार्को रुबियो के साथ एक सार्थक बैठक हुई, जिसमें हमारे द्विपक्षीय संबंधों, खासकर व्यापार, महत्वपूर्ण खनिज, रक्षा और क्वाड पर चर्चा हुई।' इससे पहले, मिस्री ने अमेरिका के डिप्टी सेक्रेटरी क्रिस्टोफर लैंडाउ और राजनीतिक मामलों की अंडर सेक्रेटरी एलिसन हुकर के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। विदेश विभाग के प्रमुख उप प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने एक बयान में कहा-'डिप्टी सेक्रेटरी ऑफ स्टेट क्रिस्टोफर लैंडाउ ने आज वाशिंगटन में भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री से मुलाकात की। नेताओं ने दोनों देशों के बीच करीबी साझेदारी की पुष्टि की और फारस की खाड़ी की स्थिति सहित अन्य वैश्विक और क्षेत्रीय प्राथमिकताओं पर चर्चा की।'

अमेरिका के 3 दिवसीय यात्रा पर हैं मिस्री

विदेश सचिव ने बुधवार को अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा शुरू की, जहां वह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर द्विपक्षीय व्यापार तथा रक्षा संबंधों की समीक्षा करेंगे और पश्चिम एशिया के संकट समेत वैश्विक घटनाक्रम पर चर्चा करेंगे। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने विदेश सचिव के आगमन पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि विदेश सचिव की इस यात्रा से भारत-अमेरिका साझेदारी के व्यापक दायरे की समीक्षा करने का मौका मिलेगा। अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के सशर्त संघर्षविराम समझौते के कुछ घंटों बाद विदेश सचिव की यह यात्रा हो रही है।

व्यापार वार्ता समझौते को आगे बढ़ाने पर हो सकती है चर्चा

क्वात्रा ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'मिसरी की यात्रा हमारे अमेरिकी भागीदारों के साथ भारत-अमेरिका साझेदारी की समीक्षा करने और व्यापार, रक्षा, प्रौद्योगिकी और क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रम पर विचारों के आदान-प्रदान समेत हमारे द्विपक्षीय एजेंडे के प्रमुख स्तंभों पर चर्चा को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करती है।’ मिसरी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब दोनों पक्ष अनिश्चितता और तनाव के दौर के बाद संबंधों को स्थिर करने के लिए काम कर रहे हैं। ऐसी खबरें हैं कि मिसरी की यात्रा के दौरान दोनों पक्ष प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श कर सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

End of Article