Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बुधवार को एक बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसे में कम से कम 11 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार से आ रही बस अचानक डिवाइडर से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो हुई।
पाकिस्तान में भीषण सड़क हादसा (प्रतीकात्मक तस्वीर)
एक अधिकारी ने बताया कि बस कराची से पंजाब के डेरा गाजी खान जिले की ओर जा रही थी। इसी दौरान लाहौर से करीब 500 किलोमीटर दूर राजनपुर में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पाकिस्तान की राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा 'रेस्क्यू 1122' के एक प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना राजमार्ग के उस हिस्से पर हुई, जहां निर्माण कार्य चल रहा था।
हादसे की क्या है वजह?
प्रवक्ता ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि हादसे की वजह बस की तेज गति मानी जा रही है। उन्होंने कहा, "तेज गति से गुजर रही बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई, जिससे कई यात्री बस में फंस गए और घायल हो गए। आठ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।"
मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई गई है। बचाव सेवा के एक अधिकारी के अनुसार, 19 घायल यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि मामूली रूप से घायल 12 अन्य लोगों को घटनास्थल पर ही चिकित्सा सहायता दी गई। हादसे में जान गंवाने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बचाव दल ने उनके शवों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'फ्लाइट में बम...', अहमदाबाद-हैदराबाद विमान में 12 वर्षीय लड़की के प्रैंक से मचा हड़कंप, सिक्योरिटी अलर्ट जारी
पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया और अधिकारियों को घायलों का सर्वोत्तम संभव इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
