Toronto Plane Crash: कनाडा के टोरंटो पियर्सन एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में कम से कम 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। विमान में 76 यात्री समेत 80 लोग सवार थे।
कैसे दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान?
विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह क्या थी? इसके बारे में छानबीन चल रही है, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक, विमान मौसम की चरम स्थितियों की वजह से पलटा। कनाडा की मौसम सेवा के मुताबिक, एयरपोर्ट पर बर्फबारी हो रही थी और हवा की रफ्तार 51 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे तक थी। तापमान लगभग माइनस 8.6 डिग्री सेल्सियस था।
कब दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान?
पियर्सन एयरपोर्ट ने एक्स पर पुष्टि की कि मिनियापोलिस से डेल्टा एयरलाइंस की उड़ान के साथ एक हादसा हुआ। बकौल डेल्टा एयरलाइंस, हादसा स्थानीय समयानुसार 3:30 बजे हुआ। घटनास्थल के सामने आ रहे VIDEO में मित्सुबिशी CRJ-900LR विमान बर्फीले रनवे पर उल्टा पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। वीकेंड में आए शीतकालीन तूफान की वजह से विमान कुछ हद तक बर्फ से ढक गया है।

टोरंटो विमान हादसा
उल्टा हो गया विमान
एयरपोर्ट ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि आपातकालीन टीमें मौके पर मौजूद हैं। सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। फ्लोरिडा के सेंट पीटर्सबर्ग में एविएशन सेफ्टी कंसल्टिंग फर्म सेफ्टी ऑपरेटिंग सिस्टम के सीईओ जॉन कॉक्स ने कहा, ''ऐसा कुछ देखना बेहद दुर्लभ है। हमने टेकऑफ के कुछ मामले देखे हैं, जहां विमान उल्टा हो गए, लेकिन यह मामला बेहद दुर्लभ है।''
