दुनिया

सलमान रुश्दी पर चाकू से हमला करने वाला शख्स दोषी करार, अब 23 अप्रैल का इंतजार; जानें कितनी मिल सकती है सजा

Salman Rushdie Case: न्यूयॉर्क की चौटाउक्वा काउंटी कोर्ट ने लेखक सलमान रुश्दी पर 2022 में चाकू से हमला करने के आरोप में 27 वर्षीय हादी मतार को दोषी करार दिया है। रुश्दी पिछले सप्ताह शुरू हुई गवाही की प्रक्रिया के दौरान मुख्य गवाह थे। सलमान रुश्दी ने जूरी सदस्यों को अपनी वह दाहिनी आंख भी दिखाई जिसकी रोशनी हमले के कारण चली गई है।

Image

हादी मतार

Photo : AP

Salman Rushdie Case: न्यूयॉर्क की चौटाउक्वा काउंटी कोर्ट ने लेखक सलमान रुश्दी पर 2022 में चाकू से हमला करने के मामले में 27 वर्षीय हादी मतार हत्या के प्रयास का दोषी पाया। इस हमले में 77 वर्षीय सलमान रुश्दी की एक आंख की रोशनी चली गई और उन्हें कई गंभीर चोटें आई थीं।

रुश्दी ने कोर्ट में क्या कुछ कहा?

कोर्ट ने सलमान रुश्दी की गवाही के बाद हादी मतार को दोषी करार दिया। रुश्दी पिछले सप्ताह शुरू हुई गवाही की प्रक्रिया के दौरान मुख्य गवाह थे। बुकर पुरस्कार विजेता लेखक ने अदालत से कहा कि जब एक नकाबपोश अजनबी मंच की ओर दौड़ा और उन पर चाकू से हमला किया तो उन्हें लगा कि उनकी मौत होने वाली है और तभी हमलावर को वहां खड़े लोगों ने पकड़ लिया।

सलमान रुश्दी ने जूरी सदस्यों को अपनी वह दाहिनी आंख भी दिखाई जिसकी रोशनी हमले के कारण चली गई है। वह आमतौर पर काला चश्मा पहनकर रखते हैं।

दोषी को कब सुनाई जाएगी सजा?

कोर्ट सलमान रुश्दी पर हमले के दोषी हादी मतार को 23 अप्रैल को सजा सुनाएगी। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, हादी मतार को 25 साल तक की जेल हो सकती है। सरकारी वकील नाथनियल बैरोन ने कहा कि हादी मतार निराश तो है, लेकिन फैसले के लिए पूरी तरह तैयार भी है।

मतार ने अपने बचाव में कुछ नहीं कहा

सुनवाई के दौरान जब चौटाउक्वा काउंटी के न्यायाधीश डेविड फोले ने हादी मतार से पूछा कि वह कटघरे में खड़े होकर कुछ कहना चाहता है तो उसने अपने बचाव में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। बता दें कि गवाहों की सात दिनों तक चली गवाही प्रक्रिया के बाद हादी मतार को कोर्ट ने दोषी करार दिया। अब 23 अप्रैल को पता चलेगा कि हादी मतार को कितने साल की सजा सुनाई जाती है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article