दुनिया

भारत के मुरीद हुए मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू, बोले- जरूरत पड़ने पर नई दिल्ली ने की हर तरह की सहायता

India Maldives Relations: मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के सुर अब बदले-बदले नजर आ रहे हैं। उन्होंने भारत की जमकर प्रशंसा की है। साथ ही भारत को एक करीबी और बहुमूल्य साझेदार करार दिया है। इससे पहले, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मोहम्मद मुइज्जू से मुलाकात की और तस्वीर को सोशल मीडिया पर साझा किया।

Image

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • मालदीव ने भारत को बताया करीबी सहयोगी।
  • मुइज्जू ने जमकर की भारत की प्रशंसा।
  • एस जयशंकर ने मुइज्जू से की मुलाकात।

India Maldives Relations: मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने शनिवार को कहा कि भारत हमेशा से 'एक करीबी' सहयोगी और 'बहुमूल्य साझेदार' रहा है तथा उनके देश को 'जब भी उसकी जरूरत पड़ी' तब नयी दिल्ली ने हर तरह की सहायता प्रदान की है। उन्होंने मालदीव में 28 द्वीप क्षेत्रों में जलापूर्ति व सीवर सुविधाएं शुरू किए जाने को लेकर राष्ट्रपति कार्यालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। भारत सरकार ने भारतीय एक्जिम बैंक के माध्यम से ऋण सुविधा के तहत इन परियोजनाओं का वित्तपोषण किया है।

जयशंकर ने मुइज्जू से की मुलाकात

इससे पहले, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मुइज्जू से मुलाकात कर दोनों देशों की जनता और क्षेत्र के लाभ के लिए भारत-मालदीव संबंधों को मजबूत बनाने की नयी दिल्ली की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुइज्जू ने कहा कि इन परियोजनाओं से महत्वपूर्ण आर्थिक लाभ होंगे, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और कुल मिलाकर देश की समृद्धि में योगदान होगा। उन्होंने कहा कि भारत के साथ मालदीव के द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से ये परियोजनाएं महत्वपूर्ण मील का पत्थर हैं। समारोह के दौरान राष्ट्रपति मुइज्जू ने एक बार फिर मालदीव और भारत के बीच ऐतिहासिक एवं निकट संबंधों को मजबूत बनाने की अपने प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुइज्जू ने भारत का जताया आभार

उन्होंने कहा कि भारत हमेशा करीबी सहयोगी और बहुमूल्य साझेदार रहा है तथा जब भी मालदीव को जरूरत हुई है उसने सहायता व मदद मुहैया कराई है। मुइज्जू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मालदीव को 'उदारतापूर्वक व निरंतर सहायता' प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारत सरकार और भारत के 'मित्रवत लोगों' का आभार व्यक्त किया।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने यहां मुइज्जू से मुलाकात कर दोनों देशों की जनता और क्षेत्र के लाभ के लिए भारत-मालदीव संबंधों को मजबूत बनाने की नयी दिल्ली की प्रतिबद्धता दोहराई। जयशंकर द्विपक्षीय संबंधों को फिर से प्रगाढ़ बनाने के लिए मालदीव की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। पिछले साल चीन समर्थक मुइज्जू के पदभार ग्रहण करने के बाद यह भारत की ओर से मालदीव की पहली उच्चस्तरीय यात्रा है।

जयशंकर ने मुलाकात की फोटो की साझा

विदेश मंत्री जयशंकर ने बैठक की तस्वीर साझा करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ''राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू से मुलाकात कर गौरवान्वित महसूस किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शुभकामनाएं पहुंचाईं। हमारे लोगों और क्षेत्र के लाभ के लिए भारत-मालदीव संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हूं।''

इससे पहले, जून में मुइज्जू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के शपथग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए भारत की यात्रा की थी।

मालदीव हिंद महासागर क्षेत्र में भारत के प्रमुख पड़ोसी देशों में से एक है और पिछली सरकार के दौरान दोनों देशों के बीच मजबूत रक्षा व सुरक्षा संबंध स्थापित हुए थे।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article