दुनिया

Pakistan Tanker Blast: पाकिस्तान में LPG टैंकर में ब्लास्ट में उड़ गए 20 घर, 6 की मौत, 31 घायल

Pakistan Tanker Blast: पाकिस्तान में एक एलपीजी टैंकर में ब्लास्ट से 90 घरों को नुकसान पहुंचा है, जिसमें से 20 पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। इस ब्लास्ट में 6 लोगों की मौत हो गई है।

Image

पाकिस्तान में एलपीजी टैंकर में ब्लास्ट (फोटो- @leonardo.ai)

Pakistan Tanker Blast: पाकिस्तान में एक एलपीजी टैंकर विस्फोट में 20 घर उड़ गए हैं। एलपीजी टैंकर विस्फोट में 6 लोगों की मौत हो गई है, साथ ही 31 लोगों के घायल होने की खबर है। मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है, क्योंकि कई घायलों की स्थिति गंभीर है। बचाव अधिकारियों के अनुसार, मुल्तान के हमीदपुर कनौरा इलाके के औद्योगिक क्षेत्र में यह हादसा हुआ।

पंजाब में हुआ टैंकर में ब्लास्ट

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) से भरे एक टैंकर में विस्फोट होने से एक नाबालिग लड़की सहित छह लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में 31 लोग घायल हुए हैं। जियो न्यूज की खबर में कहा गया है कि सोमवार को टैंकर में विस्फोट होने के बाद भीषण आग लग गई। विस्फोट के बाद वाहन का मलबा आस-पास के रिहायशी इलाकों में जा गिरा जिससे भारी नुकसान हुआ। बचाव अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद आग बुझाने के लिए 10 से अधिक दमकल गाड़ियों और फोम आधारित उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

90 मकानों को पहुंचा नुकसान

प्रारंभिक रिपोर्ट में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में एक घर से एक और शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई। मृतकों में एक नाबालिग लड़की और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट स्थल के आसपास मौजूद करीब 20 मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 70 मकानों को आंशिक नुकसान हुआ है। मुल्तान के शहर पुलिस अधिकारी (सीपीओ) सादिक अली ने जियो न्यूज चैनल को बताया कि विस्फोट में कई घर तबाह हो गये है और पालतू जानवर भी मारे गये है। घायलों में से 13 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ब्लास्ट से पहले बच निकले कई लोग

उन्होंने बताया कि औद्योगिक संपदा में खड़े एक टैंकर के वाल्व से गैस रिसाव हो रहा था, जिसकी गंध महसूस होने पर कुछ लोग पहले ही सुरक्षित स्थान पर चले गये थे। लेकिन इसके बाद टैंकर में विस्फोट हो गया। अली ने बताया कि टैंकर से गैस का रिसाव जारी रहने के कारण अधिकारियों को इलाके को खाली कराना पड़ा है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article