Hanzla Adnan Killed in Pakistan: भारत के एक और दुश्मन को मौत के घाट उतार दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख आतंकवादी अदनान अहमद उर्फ हंजला अदनान की हत्या कर दी गई है। कराची में अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मारकर ढेर कर दिया। बता दें, हंजला अदनान 2016 में पंपोर में सीआरपीएफ काफिले पर हमले का मास्टरमाइंड था। इस हमले में 8 जवान शहीद हो गए थे और करीब 22 घायल हुए थे।
पाकिस्तान में हंजला अदनान की हत्या
इसके अलावा भारत में कई बड़े हमलों में भी हंजला का ही हाथ था। 2015 में उधमपुर में बीएसएफ काफिले पर भी उसी के इशारे पर हमला हुआ था, जिसमें दो जवान शहीद हुए थे और 13 घायल हो गए थे। एनआईए ने अगस्त 2015 में इस हमले को लेकर चार्जशीट दाखिल की थी।
फिदायीन हमले में थी बड़ी भूमिका
श्रीनगर और पुलवामा में हुए फिदायीन हमले को अंजाम देने में भी हंजला अदनान की बड़ी भूमिका था। वह पीओके के लश्कर कैंप में आतंकियों की भर्ती और उन्हें जिहाद के लिए तैयार करने में भी बड़ी भूमिका निभाता था। अदनान को लश्कर का कम्युनिकेशन एक्सपर्ट कहा जाता था। वहीं वह पाकिस्तान में बैठकर भारत में आतंकियों को निर्देश देता रहता था।
4 राउंड गोलियां मारकर हुई हत्या
जानकारी के मुताबिक, 2-3 दिसंबर की रात अज्ञात हमलावरों ने हंजला की चार राउंड गोलियां मारकर हत्या कर दी है। उसे सेफ हाउस के बाहर गोली मारी गई। बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद उसे बहुत ही गुपचुप तरीके से पाकिस्तानी सेना ने कराची के अस्पताल में भर्ती करवाया था, लेकिन 5 दिसंबर की रात उसकी मौत हो गई। हंजला अदनान की हत्या लश्कर चीफ हाफिज सईद के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।
