टेंशन के बीच ट्रूडो का यू टर्न! माना- दुनिया में इंडिया का जलवा, घनिष्ठ संबंध बनाने को कनाडा गंभीर

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Sep 29, 2023, 09:31 AM IST

खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार की संलिप्तता के आरोपों के बावजूद कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि कनाडा भारत के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कनाडा स्थित नेशनल पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार की संलिप्तता के विश्वसनीय आरोपों के बावजूद, कनाडा अभी भी भारत के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। दुनिया भर में भारत के बढ़ते प्रभाव की ओर इशारा करते हुए ट्रूडो ने कहा कि यह बेहद महत्वपूर्ण है कि कनाडा और उसके सहयोगी भारत के साथ जुड़े रहें। गुरुवार को मॉन्ट्रियल में प्रेस कॉन्फ्रेस में ट्रूडो ने कहा कि उन्हें लगता है कि यह बेहद महत्वपूर्ण है कि कनाडा और उसके सहयोगी विश्व मंच पर भारत के बढ़ते महत्व को देखते हुए उसके साथ रचनात्मक और गंभीरता से जुड़ते रहें। भारत एक बढ़ती आर्थिक शक्ति और महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक प्लेयर है। और जैसा कि हमने पिछले साल अपनी इंडो-पैसिफिक रणनीति प्रस्तुत की थी। हम भारत के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने को लेकर बहुत गंभीर हैं। नेशनल पोस्ट ने ट्रूडो के हवाले से कहा कि उसी समय जाहिर तौर पर कानून के शासन वाले देश के रूप में हमें इस बात पर जोर देने की जरूरत है कि भारत को यह सुनिश्चित करने के लिए कनाडा के साथ काम करने की जरुरत है कि हमें इस मामले के पूरे तथ्य मिलें।

Justin Trudeau, India Canada relations

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भारत के साथ संबंध बेहतर करना चाहते हैं।

ट्रूडो ने कहा कि उन्हें अमेरिका से आश्वासन मिला है कि विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन गुरुवार को वाशिंगटन डीसी में अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर के साथ बैठक के दौरान निज्जर की हत्या में भारत की भूमिका के बारे में सार्वजनिक रूप से लगाए गए आरोपों को उठाएंगे। नेशनल पोस्ट ने ट्रूडो के हवाले से कहा कि अमेरिकी भारत सरकार से बात करने में हमारे साथ रहे हैं कि यह कितना महत्वपूर्ण है कि वे उन विश्वसनीय आरोपों पर कार्रवाई में शामिल हों कि भारत सरकार के एजेंटों ने कनाडाई धरती पर एक कनाडाई नागरिक की हत्या कर दी।

End of Feed