दुनिया

कनाडा से तनातनी के बीच US विदेश मंत्री से मिले MEA जयशंकर, कई मुद्दों पर हुई बात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 29, 2023, 07:09 AM IST

खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर भारत और कनाडा के बीच चल रहे विवाद के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से मुलाकात की। कनाडा समेत कई द्विपक्षीय मुद्दों पर बात ही।

Image

कनाडा के साथ विवाद के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री से मिले जयशंकर

वॉशिंगटन: खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर भारत और कनाडा के बीच चल रहे विवाद के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने वॉशिंगटन डीसी में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से मुलाकात की। जयशंकर ने एक्स पर लिखा कि आज अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से मुलाकात करके बहुत अच्छा लगा। पीएम नरेंद्र मोदी की जून की यात्रा पर व्यापक चर्चा हुई। साथ ही वैश्विक विकास पर नोट्स का आदान-प्रदान किया। साथ ही कहा कि यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम द्वारा बुलाई गई चर्चा में महत्वपूर्ण और उभरती तकनीक पर भारत-अमेरिका सहयोग और लचीली आपूर्ति सीरीज बनाने पर केंद्रित चर्चा हुई। यह जानकर खुशी हुई कि भारत कॉर्पोरेट बोर्डरूम में प्रमुख चर्चा का बिंदु है। हमारा सहयोग प्रत्येक बीतते दिन के साथ अधिक संभावनाएं पैदा कर रहा है।

विदेश विभाग में इस भेंटवार्ता से पहले ब्लिंकन के साथ मीडिया के सामने जयशंकर ने कहा कि यहां आकर अच्छा लगा। जी20 सम्मेलन के लिए सभी तरह की सहयोग के लिए अमेरिका को धन्यवाद। ब्लिंकन ने कहा कि जी20 और न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र समेत पिछले कुछ सप्ताह में विभिन्न मौकों पर उनकी अच्छी चर्चा रही है। उन्होंने कहा कि वह अपने भारतीय समकक्ष के साथ चर्चा को लेकर आशान्वित हैं। वैसे दोनों नेताओं ने मीडिया के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। वैसे तो दोनों पक्षों के अधिकारी इस भेंटवार्ता के एजेंडा को लेकर चुप्पी साधे रहे लेकिन अमेरिका के दो दोस्तों के बीच हाल का कूटनीतिक संकट इस चर्चा में प्रमुखता से छाये रहने की संभावना है।

इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने बताया कि मैं इस बारे में कोई पूर्वानुमान नहीं व्यक्त करना चाहता कि ब्लिंकन बैठक में जयशंकर के साथ क्या बातचीत करेंगे, लेकिन जैसा कि हमने स्पष्ट किया है, हमने इसे उठाया है, हमने उन्हें कनाडा की जांच में सहयोग करने को कहा है और हम उन्हें इसके लिए प्रोत्साहित करना जारी रखेंगे। दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच बैठक की यह योजना कनाडा संकट से काफी पहले तैयार हो गई थी। अमेरिका इस साल की शुरुआत में ब्रिटिश कोलंबिया में सिख अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में कनाडा की जांच में भारत से सहयोग करने की अपील कर रहा है। कनाडा ने भारत पर ब्रिटिश कोलंबिया में सिख अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। भारत ने आरोपों को निराधार बताया है और कहा है कि कनाडा आतंकवादियों के लिए पनाहगाह बन गया है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article