चौतरफा दबाव के बीच क्या US राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी वापस लेंगे बाइडन? कर सकते हैं बड़ा ऐलान

द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, राष्ट्रपति बाइडन के कई करीबी लोगों ने गुरुवार को कहा कि उनका मानना ​​है कि उन्होंने इस विचार को स्वीकार करना शुरू कर दिया है कि वह नवंबर में होने वाला चुनाव जीतने में संभवत: सक्षम नहीं हैं।

Joe Biden: अमेरिका के राष्ट्रपति पद की चुनाव प्रक्रिया के तहत रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के साथ पहली बहस में खराब प्रदर्शन के बाद से अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन पर चुनावी दौड़ से पीछे हटने का चौतरफा दबाव बढ़ रहा है। लगातार बढ़ रहे दबाव के बीच जो बाइडन अपनी उम्मीदवारी को लेकर बड़ी घोषणा कर सकते हैं। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट में यह संभावना जताई गई है। दरअसल, बहस में बाइडन के खराब प्रदर्शन, उनके खराब स्वास्थ्य, उनके प्रतिद्वंद्वी ट्रंप की हत्या की कोशिश और सर्वेक्षणों में उनकी घटती लोकप्रियता के बीच डेमोक्रेटिक पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रपति को चुनावी दौड़ से पीछे हटने का सुझाव दिया है।

बाइडन ने उम्मीदवारी पर सोचना शुरू किया

द न्यूयॉर्क टाइम्स ने कहा, राष्ट्रपति बाइडन के कई करीबी लोगों ने गुरुवार को कहा कि उनका मानना है कि उन्होंने (बाइडन ने) इस विचार को स्वीकार करना शुरू कर दिया है कि वह नवंबर में होने वाला चुनाव जीतने में संभवत: सक्षम नहीं हैं और उन्हें अपनी पार्टी के कई चिंतित सदस्यों की बढ़ती मांगों के आगे झुकते हुए दौड़ से बाहर होना पड़ सकता है। बाइडन एक बार फिर कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं और राष्ट्रपति चुनाव प्रक्रिया के महत्वपूर्ण मोड़ पर उन्हें अपना प्रचार अभियान रोकना पड़ा है। वह डेलावेयर स्थित अपने आवास में कोरोना पॉजिटिव होने के बाद पृथकवास में रह रहे हैं।

End of Feed