देश

पाकिस्तान के मिसाइल अटैक की कोशिश के बाद भारतीय नौसेना ने अरब सागर में ऑपरेशन शुरू किया

पाकिस्तान ने गुरुवार 8 मई की रात जम्मू और जैसलमेर सहित देश के कई शहरों में मिसाइल हमले की कोशिश की। लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने उसकी मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया। अब खबर है कि अरब सागर से भारतीय नौसेना ने पाकिस्तान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

Image

अरब सागर से भारतीय नौसेना का पाकिस्तान पर हमला

Photo : Times Now Digital

पाकिस्तान की तरफ से जम्मू-कश्मीर के साथ ही देश के कुछ अन्य हिस्सों में भी मिसाइल अटैक की कोशिश की गई है। हालांकि, पाकिस्तान की इस ना'पाक' कोशिश को भारत के एयर डिफेंस सिस्टम S-400ने इन कोशिशों को नाकाम कर दिया। भारत ने पाकिस्तान की इस हरकत का जबाव बॉर्डर पर और वायुसेना के जरिए तो दिया ही। साथ ही सूत्रों के हवाले से खबर है कि भारतीय नौसेना ने भी अरब सागर में अपना ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार भारतीय नौसेना ने शुक्रवार तड़के पाकिस्तान के अलग-अलग ठिकानों पर अरब सागर से ही हमला बोल दिया। अरब सागर में भारत का INS विक्रांत भी खड़ा है, जो पाकिस्तान में तबाही लाने के लिए काफी है।

एक तरफ भारतीय सेना अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर व LoC पर पाकिस्तान को सबक सबक सिखा रही है, दो दूसरी तरफ भारतीय वायु सेना ने लाहौर, रावलपिंडी, इस्लामाबाद सहित कई शहरों पर आग बरसाई। तीसरी तरफ भारतीय नेवी ने अरब सागर से पाकिस्तान में तबाही की शुरुआत कर दी है।

भारतीय नौसेना का स्ट्राइक शिप करवर तट के पास तैनात किया गया था। इसके स्ट्राइक ग्रुप में एक विमानवाहक पोत, विध्वंसक, फ्रिगेट, पनडुब्बी रोधी युद्धपोत और अन्य सहायक जहाजों के भी शामिल होने की खबर है।

बता दें कि भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लेते हुए 6 और 7 मई की दरम्यानी रात पाकिस्तान और PoK के कुल 9 आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक किया। इसमें तमाम आतंकी ठिकाने तबाह हो गए और कई आतंकवादी मारे गए।

पाकिस्तान ने 7 और 8 मई की दरम्यानी रात भारत के 15 शहरों पर मिसाइल हमला करने की कोशिश की, जिसे भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया। इसके बाद भारत ने 8 मई की सुबह पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर ड्रोन अटैक किया। इसके बाद रात होते-होते पाकिस्तान ने फिर से भारत पर मिसाइल अटैक करने की कोशिश की, जिसे S-400 ने एक बार फिर से नाकाम कर दिया।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article