Nobel Prize 2024: द्वितीय विश्व युद्ध के परमाणु बम विस्फोटों में जीवित बचे लोगों के जापानी संगठन निहोन हिडांक्यो को नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया। नोबेल समिति के अनुसार, जापान के संगठन निहोन हिडांक्यो को 2024 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया। उन्हें यह सम्मान दुनिया को परमाणु हथियारों से मुक्त बनाने के लिए चलाए गए अभियान के लिए दिया गया है।
नॉर्वे नोबेल समिति के अध्यक्ष जॉर्गन वात्ने फ्रिदनेस ने शुक्रवार को पुरस्कार की घोषणा करते हुए कहा कि परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के निषेध को लेकर बनी सहमति दबाव में है और इसलिए इस संगठन को पुरस्कार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नोबेल समिति उन सभी जीवित बचे लोगों को सम्मानित करना चाहती है, जिन्होंने शारीरिक पीड़ा और दर्दनाक यादों के बावजूद, शांति के लिए आशा तथा जुड़ाव पैदा करने के वास्ते अपने अनुभवों का उपयोग करने का विकल्प चुना है।
क्या है निहोन हिडांक्यो संगठन?
निहोन हिडांक्यो में द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान हिरोशिमा और नागासाकी के परमाणु बम धमाकों में जीवित बचे लोग शामिल हैं, जिन्हें हिबाकुशा के नाम से भी जाना जाता है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नॉर्वेजियन नोबेल समिति को इस साल नोबेल शांति पुरस्कार के लिए 286 आवेदन मिले थे।
परमाणु हथियारों को खत्म करने के प्रयासों को नोबेल समिति द्वारा पहले भी सम्मानित किया जा चुका है। ‘इंटरनेशनल कैंपेन टू एबॉलिश न्यूक्लियर वेपन्स’ को 2017 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया और 1995 में जोसेफ रोटब्लाट और विज्ञान तथा विश्व मामलों पर पगवाश सम्मेलनों को अंतरराष्ट्रीय राजनीति में परमाणु हथियारों की भूमिका को कम करने और लंबे समय में ऐसे हथियारों को खत्म करने के उनके प्रयासों के लिए प्रदान किया गया था।
गौरतलब है कि इस साल के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा सोमवार से शुरू हुई। अमेरिकी वैज्ञानिकों विक्टर एंब्रोस और गैरी रुवकुन को चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार प्रदान किये जाने की घोषणा सोमवार को की गई। मंगलवार को जॉन होपफील्ड और ज्योफ्री हिंटन को मशीन लर्निंग को सक्षम बनाने वाली खोजों के लिए भौतिकी के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई।
बुधवार को डेविड बेकर, डेमिस हस्साबिस और जॉन जंपर को रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई। गुरुवार को दक्षिण कोरियाई लेखिका हान कांग को साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई थी।
